29 सितंबर को सर्वार्थसिद्धि और अमृत सिद्धि योग में होगी घटस्थापना
जीवन मंत्र डेस्क। रविवार, 29 सितंबर से नवरात्रि शुरू हो रही है। इस साल नवरात्रि पूरे 9 दिन की ही रहेगी। 29 तारीख को घट स्थापना सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग में होगी। इस बार देवी मां हाथी पर सवार होकर आ रही हैं। आचार्य पं.रामचंद्र शर्मा वैदिक के अनुसार नवरात्रि के नौ दिनों में देवी मां के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है।
- ये हैं नौ दिन की नौ देवियां
प्रतिपदा को शैलपुत्री, द्वितीया को ब्रह्मचारिणी, तृतीया को चंद्रघंटा, चतुर्थी को कुष्मांडा, पंचमी को स्कंदमाता, षष्ठी को कात्यायनी, सप्तमी की कालरात्री, अष्टमी को महागौरी और नवमी को सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। प्रतिपदा तिथि (29 सितंबर) पर घटस्थापना के लिए ब्रह्म मुहूर्त शुभ माना गया है। 3 अक्टूबर को ललिता पंचमी, 6 को महाष्टमी व 7 अक्टूबर को महानवमी का पर्व मनाया जाएगा। 2 से 10 साल की कन्याओं का पूजन नवदुर्गा के स्वरूप में करने का वर्णन पुराणों में मिलता है। अष्टमी व नवमी को कुलदेवी व विशेष पूजा का भी विधान है।
- एक साल 4 बार आती है नवरात्रि
पं. शर्मा के अनुसार चैत्र, आश्विन, आषाढ़ और माघ माह में नवरात्रि आती है। इनमें भी दो नवराित्र चैत्र और आश्विन की ज्यादा महत्वपूर्ण होती हैं। शेष दो गुप्त नवरात्रि के नाम से जानी जाती है। शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 29 सितंबर रविवार को हस्त नक्षत्र, ब्रह्मा योग, कन्या राशि के चंद्रमा व कन्या राशि के ही सूर्य में हो होगी। कन्या राशि का स्वामी बुध होने से यह सभी के लिए शुभ रहेगी।
- नवरात्रि में इन विद्याओं की साधना की जाती है
पं. शर्मा के अनुसार नवरात्रि में सात्विक विधि से दस महाविद्या, भगवती काली, तारा, षोडशी, भुवनेश्वरी, भैरवी, छिन्नमस्ता, धूमावती, बगलामुखी, मातंगी व कमला की भी इन नवरात्रियों में अर्चना कर सकते हैं। कुछ पंचांगों की माने तो देवी इस साल हाथी पर सवार होकर आएगी और घोड़े पर रवाना होगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2kNdjII
No comments