बांग्लादेश के भारत दौरे का रास्ता साफ; बांग्ला बोर्ड ने प्लेयर्स की 11 में से 9 मांगें मानीं
खेल डेस्क. बांग्लादेश टीम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अगले महीने भारत दौरा करेगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने खिलाड़ियों की 11 में से 9 मांगें मान ली हैं। इसमें मैच फीस बढ़ाना भी शामिल है। बुधवार देर रात प्लेयर्स और बीसीबी के बीच करीब दो घंटे बंद कमरे में बातचीत हुई। इसके बाद कप्तान शाकिब अल हसन ने हड़ताल वापस लेने और भारत दौरे पर जाने की जानकारी दी। बांग्ला टीम का भारत दौरा 3 नवंबर से शुरू होगा। इस दौरान 3 टी20 और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। शुक्रवार से ढाका में टीम का कंडीशनिंग कैम्प लगेगा।
सरकार का दबाव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्लेयर्स और बोर्ड की तनातनी को सरकार ने भी गंभीरता से लिया। खिलाड़ियों और बोर्ड को बातचीत का आदेश दिया गया। बुधवार देर रात आनन-फानन में एक बड़े होटल में दोनों पक्ष बातचीत के लिए जुटे। दो घंटे की मशक्कत के बाद शाकिब ने मीडिया को हड़ताल वापस लेने की जानकारी दी। शाकिब के साथ इस मीटिंग में विकेटकीपर-बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम और ओपनर तमीम इकबाल भी शामिल हुए।
2 नई मांगें
खिलाड़ियों ने शुरुआत में कुल 9 मांगें रखीं थीं। लेकिन, बुधवार सुबह दो नई मांगें जोड़ दी गईं। इसमें एक मांग प्लेयर्स एसोसिएशन को मान्यता देना भी है। बोर्ड ने दो नई मांगों पर विचार का भरोसा दिया। 9 पुरानी मांगें मान ली गईं। शाकिब ने कहा, “बोर्ड से अच्छे माहौल में बातचीत हुई। उन्होंने हमारी ज्यादातर मांगें मान ली हैं। लेकिन, हम चाहेंगे कि इन पर जल्द अमल किया जाए।” जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेश प्रीमियर लीग को लेकर भी बातचीत हुई। प्रथम श्रेणी क्रिकेटर्स भी हड़ताल में शामिल हो गए थे। इसकी वजह से बोर्ड पर दबाव ज्यादा हो गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31Emjix
No comments