इंग्लैंड 12 साल बाद वर्ल्ड कप के फाइनल में, पहली बार न्यूजीलैंड से जीता
खेल डेस्क. इंग्लैंड ने 12 साल बाद रग्बी वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में तीन बार के पूर्व चैम्पियन न्यूजीलैंड को 19-7 से हराया। वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को पहली बार हराया। इसके पहले हुए तीन मुकाबलों में उसे हार मिली थी। न्यूजीलैंड ने 12 साल बाद वर्ल्ड कप में कोई मैच गंवाया है। इसके पहले टीम ने लगातार 18 मैच जीते थे।
मैच में इंग्लैंड ने अच्छी शुरुआत की। पहले हाफ में टीम 10-0 से आगे थी। दूसरे हाफ में भी इंग्लैंड ने दबाव बनाए रखा और मैच 19-7 से जीत लिया। ओवरऑल रिकॉर्ड की बात की जाए तो इंग्लैंड ने 7 साल बाद न्यूजीलैंड को हराया। इसके पहले हुए सभी 6 मैचों में उसे हार मिली थी। दोनों देशों के बीच 42 मुकाबले हुए हैं। इंग्लैंड 8 मैच जीत सका है जबकि 33 मैच न्यूजीलैंड ने जीते हैं।
इंग्लैंड रिकॉर्ड चौथी बार खिताबी दौर में
इंग्लैंड ने चौथी बार फाइनल में जगह बनाई। इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया सबसे ज्यादा 4 बार फाइनल में पहुंचे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने दो बार जबकि इंग्लैंड सिर्फ एक बार 2003 में खिताब जीत सका है। वह 1991 और 2007 में भी फाइनल में पहुंचा था। 2007 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को हराया था। टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में रविवार को वेल्स का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। फाइनल मुकाबला 2 नवंबर को खेला जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2We4CFA
No comments