टिम पेन ने 13 साल बाद शतक लगाया, प्रथम श्रेणी मैच में 121 रन की पारी खेली
खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम के कप्तान टिम पेन ने 13 साल बाद प्रथम श्रेणी मैच में शतक लगाया। उन्होंने शनिवार को शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में तस्मानिया के लिए खेलते हुए वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 121 रन की पारी खेली। पेन ने पिछला शतक 2006 में 21 साल की उम्र में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही लगाया था। ये प्रथम श्रेणी में उनका पहला शतक था। पेन ने 208 गेंद की पारी में 13 चौके और एक छक्का लगाया। वे झाए रिचर्डसन की गेंद पर शॉन मार्श को कैच थमा बैठे।
पेन की कप्तानी में हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई थी। ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय टीम के कोच जस्टिन लैंगर ने उनकी पारी की तारीफ की। उन्होंने ब्रॉडकास्टर एबीसी से कहा, ‘पेन जानते हैं कि वे और ज्यादा बेहतर कर सकते हैं। वे युवाओं की तरह उत्साह के साथ सीख सकते हैं। फिलहाल, वे निश्चित रूप से बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।’
वॉर्नर और मार्क्स हैरिस ने भी शतक लगाया
दूसरी ओर, एशेज सीरीज की 10 पारियों में सिर्फ दो बार दहाई के आंकड़े तक पहुंचने वाले डेविड वॉर्नर ने भी शतक लगाया। उन्होंने न्यू साउथ वेल्स की ओर से खेलते हुए क्विंसलैंड के खिलाफ 125 रन की पारी खेली। वहीं, टेस्ट ओपनर मार्क्स हैरिस ने विक्टोरिया के लिए साउथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 116 रन बनाए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OJ0r2U
No comments