Breaking News

भीषण बाढ़ भी नहीं रोक पाई वेब सीरीज 'रन अवे लुगाई' की शूटिंग, पटना में अब भी डटे हैं 150 क्रू मेंबर्स

टीवी डेस्क (अमित कर्ण). पटना में हुई भारी बारिश और भीषण बाढ़ वहां मौजूद 150 क्रू मेंबर्स के हौसले पर पानी नहीं फेर सकी। वे वहां भारी जलजमाव के बीच वेब सीरीज 'रन अवे लुगाई' की शूटिंग करते रहे, जिसकी स्ट्रीमिंग इस साल के अंत तक एमएक्‍स प्‍लेयर पर होगी। अविनाश दास के डायरेक्शन में बन रही इस सीरीज में संजय मिश्रा, नवीन कस्‍तूरिया, रविकिशन और पूर्व मिस इंडिया रूही सिंह अहम भूमिका में दिखाई देंगे। इसे यूफोरिया प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया जा रहा है।

छठ पूजा तक जारी रहेगा शेड्यूल

सेट पर मौजूद सूत्र बताते हैं कि 25 सितंबर को पटना में भारी बारिश शुरू हुई। बावजूद इसके सीरीज की यूनिट गंगा नदी किनारे सोनपुर वाले इलाके में पहुंचीं और शूटिंग पूरी की। हालांकि, लगातार बारिश के चलते टीम ने बाहर न जाकर अंदर के इलाकों में ही शूटिंग करने का फैसला लिया, जो लगातार 12 घंटे तक चली। पटना का शूटिंग शेड्यूल अब भी जारी है, जो छठ पूजा तक चलेगा।

मुंबई वाली स्प्रिट से काम किया

सूत्र आगे बताते हैं कि उस दिन बारिश को मात देने के लिए फैसला लिया गया कि सभी मुंबई वाली स्प्रिट से ही काम करेंगे। जिस तरह मुंबई में न थमने वाली बारिश के बीच भी शूट नहीं रुकता। वैसे ही पटना में भी सभी लोग भीगते रहे, लेकिन शूटिंग जारी रखी। इतना ही नहीं, टीम ने शूटिंग के साथ बारिश में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में भी मदद की। इन 150 क्रू मेंबर्स का हौसला देख पटना के लोकल लोग भी हैरानी में थे। रिपोर्ट्स की मानें तो पटना में अब भी साढ़े चार लाख लोग जलजमाव की चपेट में हैं।

सीरीज में मुंहफट दुल्हन बनीं रूही

'रन अवे लुगाई' कॉमिक वेब सीरीज है, जिसमें रूही सिंह मुख्य रोल में हैं। इसमें वे फिल्म 'तनु वेड्स मनु' के कंगना रनोट के किरदार की तरह मुंहफट दुल्हन बनी हैं। इसके साथ-साथ सीरीज में बाप-बेटे के रिश्ते पर भी फोकस किया जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
शूटिंग के दौरान डायरेक्टर अविनाश दास, अभिनेता संजय मिश्रा और अभिनेत्री रूही सिंह बाक़ी क्रू मेंबर्स के साथ।
अविनाश दास, नवीन कस्तूरिया को सीन समझाते हुए।
अविनाश दास और संजय मिश्रा।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2pBISqT

No comments