Breaking News

सर्जियो रेमोस स्पेन के लिए सबसे ज्यादा 168 मैच खेलने वाले खिलाड़ी, इकर कैसिलास का रिकॉर्ड तोड़ा

खेल डेस्क. स्पेन के फुटबॉल सर्जियो रेमोस देश के लिए सबसे ज्यादा 168 मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। स्पैनिश टीम के कप्तान रेमोस ने वर्ल्ड कप विजेता कप्तान इकर कैसिलास का रिकॉर्ड तोड़ा। रेमोस ने शनिवार को यूरो कप 2020 के क्वालिफायर में नॉर्वे के खिलाफ मैदान पर उतरकर ये रिकॉर्ड बनाया। ये मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा। रेमोस एक वर्ल्ड कप, दो यूरो कप जीतने वाली टीम के सदस्य रह चुके हैं। उनके साथ टीम ने 125 मैच जीते। इस दौरान रेमोस ने 21 गोल किए।

बीबीसी ने रामोस के हवाले से बताया,‘ये रिकॉर्ड मेरी प्राथमिकता नहीं है। मुझे खुशी होती अगर मेरे 168वें मैच में स्पेन मुकाबला जीत जाता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि, इतने वर्षो बाद यह रिकॉर्ड एक अच्छा इनाम है। मुझे इस पर गर्व है। मैं जब भी ये शर्ट पहनता हूं, तो भावुक हो उठता हूं। उम्मीद है कि आने वाले सालों में भी मैं इसे जारी रख पाऊंगा।’

नॉर्वे ने इंजरी टाइम में गोल कर मैच ड्रॉ कराया
नॉर्वे के खिलाफ ड्रॉ के बाद स्पेन यूरो कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर सका। इसके लिए उसे अब मंगलवार को स्वीडन के खिलाफ मैच को कम से कम ड्रॉ कराना है। स्पेन के लिए नॉर्वे के खिलाफ एकमात्र गोल साउल निगुएज ने 47वें मिनट में किया। निर्धारित 90 मिनट तक स्पेन 1-0 से आगे था। ऐसा लग रहा था कि स्पैनिश टीम मैच जीतकर यूरो कप के लिए क्वालिफाई कर लेगी, लेकिन इंजरी टाइम (90+4वें मिनट) में जोशुआ किंग ने पेनल्टी पर गोल कर मैच 1-1 से बराबर कर दिया।

इटली यूरो कप के लिए क्वालिफाई करने वाली दूसरी टीम
दूसरी ओर, 2006 में वर्ल्ड कप कप जीतने वाली इटली की टीम ने यूरो कप के लिए क्वालिफाई कर लिया। उसने ग्रीस को 2-0 से हराया। इटैलियन टीम टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई करने वाली दूसरी टीम है। इससे पहले बेल्जियम ने अपना स्थान पक्का किया था। ग्रीस के खिलाफ इटली के लिए पहला गोल जोर्गिन्हो ने 63वें मिनट में पेनल्टी पर किया। टीम के लिए दूसरा गोल फेडेरिको बेर्नारडेस्ची ने 78वें मिनट में किया। इटली की ये लगातार सातवीं जीत है। टीम पिछले साल हुए वर्ल्ड कप में नहीं खेल पाई थी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सर्जियो रेमोस।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2IIhtdu

No comments