Breaking News

रमीज राजा-बासित अली ने कहा- मिस्बाह डिफेंसिव कोच; वनडे और टी20 के लिए अलग प्रशिक्षक हो

खेल डेस्क. रमीज राजा और बासित अली ने पाकिस्तान की वनडे और टी20 टीम के लिए अलग कोच बनाने की मांग की है। इन दोनों पूर्व खिलाड़ियों के मुताबिक, मिस्बाह उल हक रक्षात्मक क्रिकेटर रहे हैं और वो शॉर्टर फॉर्मेट के लिहाज से अच्छे कोच नहीं हैं। मिस्बाह को पिछले महीने ही हेड कोच और चीफ सिलेक्टर की दोहरी जिम्मेदारी दी गई है। श्रीलंकाई टीम पाकिस्तान दौरे पर है। वनडे सीरीज पाकिस्तान ने जीती लेकिन 3 मैचों की टी20 सीरीज में से 2 मैच श्रीलंकाई टीम जीत चुकी है।

रमीज टीम के प्रदर्शन से नाराज
पूर्व कप्तान रमीज राजा ने टी20 में टीम के खराब प्रदर्शन पर कहा, “ऐसा लगता ही नहीं कि हमारी टीम के पास कोई योजना है। वो नकारात्मक क्रिकेट खेल रहे हैं। जब घर में ये हाल हैं तो सोचिए ऑस्ट्रेलिया में क्या होगा? वहां अगला टी20 वर्ल्ड कप है। मुझे नहीं लगता कि मिस्बाह शॉर्टर फॉर्मेट के लिहाज से हेड कोच के लिए सही पसंद हैं। वो ऐसे खिलाड़ियों को मौके क्यों दे रहे हैं जिन्हें पहले भी कई बार आजमाया जा चुका है और वो हर बार नाकाम रहे।” रमीज ने 57 टेस्ट और 198 वनडे खेले हैं। फिलहाल, वो कमेंट्री कर रहे हैं। रमीज के मुताबिक- पाकिस्तान में घरेलू क्रिकेट का स्तर इतना खराब है कि प्लेयर फिट ही नजर नहीं आते।

बासित ने कहा- मिस्बाह का रवैया अलग
पूर्व मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज बासित अली भी मिस्बाह से खफा हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “वनडे और टी20 में आक्रमक खेल की आवश्यकता होती है। मिस्बाह टेस्ट क्रिकेटर के तौर पर कामयाब रहे हैं। वो इसी फॉर्मेट के अच्छे कोच साबित हो सकते हैं। वनडे और टी20 के लिए हमें अलग कोच बनाना चाहिए। यहां आप डिफेंसिव माइंड सेट के साथ मैदान में नहीं उतर सकते। क्योंकि, यहां ड्रॉ की गुंजाइश नहीं होती। नतीजा आना तय होता है। उमर अकमल और अहमद शहजाद को टीम में क्यों बुलाया गया। फिर तो आप शोएब मलिक और मोहम्मद हफीज की भी वापसी करा सकते हैं। क्या पाकिस्तान में युवा प्रतिभाएं नहीं हैं?”



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
मिस्बाह उल हक की बतौर कोच श्रीलंका के खिलाफ पहली सीरीज है। (फाइल)


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30ZDOcE

No comments