ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हिली ने 46 गेंदों पर शतक जड़ा, टी20I का सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया
खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही कॉमनवेल्थ बैंक महिला टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 132 रन से हरा दिया। मैच में ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलिसा हिली ने 148* रन की विस्फोटक पारी खेली और महिला टी20 के दो रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वे किसी भी महिला टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। इसके साथ ही वे ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे तेज टी20 शतक लगाने वाली क्रिकेटर (मेल/फीमेल) भी बन गईं।
मैच में ऑस्ट्रेलिया की महिलाओं ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 226/2 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंकाई टीम 20 ओवरों में 94/7 रन ही बना सकी। एलिसा हिली को उनकी पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। हिली ने 148* रन की अपनी पारी में 19 चौके और 7 छक्के लगाए। इस मैच को जीतकर ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने तीन मैचों की इस सीरीज को भी 3-0 से जीत लिया।
एलिसा ने तोड़ा मेग लेनिंग का रिकॉर्ड
मैच में एलिसा हिली ने 61 गेंदों पर 148* रन की पारी खेली। ऐसा करते हुए उन्होंने महिला टी20 इंटरनेशनल में हाईएस्ट स्कोर का अपनी हमवतन मेग लेनिंग का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया। जिन्होंने 63 गेंदों पर 133 रन बनाए थे। हिली का स्कोर किसी भी महिला टी20 का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है।
सबसे तेज शतक का ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड बनाया
मैच के दौरान एलिसा हिली ने अपना शतक सिर्फ 46 गेंदों पर पूरा किया, इसके साथ ही वे टी20I फॉर्मेट में सबसे तेज शतक लगाने वाली ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर भी बन गईं। इस मामले में पिछला ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड पुरुष टीम के खिलाड़ी एरोन फिंच के नाम पर था। जिन्होंने अगस्त 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 बॉल पर शतक पूरा किया था। महिला क्रिकेट में पिछला कंगारू रिकॉर्ड मेग लेनिंग्स के नाम पर था, जिन्होंने साल 2014 में आयरलैंड के खिलाफ 53 गेंदों पर शतक लगाया था।
##Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2mRu9XK
No comments