श्रीलंका से हार के बाद मिस्बाह ने कहा- अगर मैं आबिद को खिलाउंगा, तो आप मुझे गोली मार देंगे
खेल डेस्क. श्रीलंका की दूसरे दर्जे की टीम ने पाकिस्तान को उसी के घर में टी20 सीरीज में 3-0 से हरा दिया। इससे पाकिस्तानी फैन्स बेहद नाराज हैं। निशाने पर हेड कोच और चीफ सिलेक्टर मिस्बाह उल हक और कप्तान सरफराज अहमद हैं। तीन मैचों की टी20 सीरीज में सूपड़ा साफ होने के बाद मिस्बाह और सरफराज मीडिया से मुखातिब हुए। सवाल तीखे थे। कुछ मौकों पर दोनों मीडिया पर ही बरस पड़े। आबिद अली को न खिलाए जाने के सवाल पर मिस्बाह ने पत्रकार से कहा- अगर मैं उसे खिलाता तो आप मुझे गोली मार देते।
फखर जमान ने लाइफ टाइम वीजा लिया है क्या?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने मिस्बाह से पूछा- फखर जमान ने चैम्पियंस ट्रॉफी में एक शतक लगाया था। इसके बाद से कुछ नहीं किया। क्या वो टीम में लाइफ टाइम वीजा लेकर आए हैं? आबिद अली को वनडे में अच्छे प्रदर्शन के बाद टी20 सीरीज क्यों नहीं खिलाई गई? इस सवाल पर मिस्बाह भड़क गए। कहा, “फखर ने 47 के औसत से रन बनाए हैं। आप रिकॉर्ड देखकर क्यों नहीं आते? आबिद अली का टी20 में एवरेज 20 और स्ट्राइक रेट 104 का है। अगर मैं उसे टीम में लेता तो आप मुझे यहीं गोली मार देते। मीडिया वर्ल्ड कप के बाद से ही सीनियर प्लेयर्स के पीछे पड़ा है। मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक को हमें इसी वजह से बाहर करना पड़ा। हार की जिम्मेदारी मीडिया की भी है।”
सरफराज का पत्रकार पर तंज
एक पत्रकार कप्तान सरफराज से मुखातिब थे। पूछा, “आपने कैच छोड़ा। स्टम्पिंग छोड़ी। बैटिंग में कुछ नहीं किया। आपको कितने मौके चाहिए। क्या मैच जिताने की जिम्मेदारी बाकी खिलाड़ियों की ही है?” सवाल तीखा था। सरफराज भड़क गए। कहा, “बाखरी साहब को ठीक से रिकॉर्ड करने दें। नाराज क्यों होते हैं। मैंने कैच छोड़ा। ये सही है। लेकिन, इससे मैच के नतीजे पर क्या फर्क पड़ा। वो बैट्समैन अगले ही ओवर में आउट हो गया था। पिच धीमी थी। वहां कोई नहीं चल पाया।”
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2owCHnO
No comments