बांग्लादेश का पाकिस्तान दौरा मुश्किल; बांग्ला टीम का कोई कोच टूर पर जाने तैयार नहीं
खेल डेस्क. पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी पर नए संकट के आसार नजर आ रहे हैं। जनवरी में बांग्लादेश टीम को पाकिस्तान दौरा करना है। लेकिन, इसके कोचिंग स्टाफ ने दौरे पर जाने से इनकार कर दिया है। बांग्लादेश के पास चार कोच हैं और ये सभी विदेशी हैं। कोचिंग स्टाफ ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी को फैसले की जानकारी दे दी है। हालांकि, बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर इस बारे में कुछ नहीं कहा है। बांग्ला टीम को पाकिस्तान दौरे में 3 टी20 और दो टेस्ट मैच खेलने हैं। हाल ही में श्रीलंका ने भी तमाम मशक्कत के बाद अपने तीसरे दर्जे की टीम पाकिस्तान भेजी थी। लेकिन, इसने भी टी20 में क्लीन स्वीप किया।
चार कोच और चारों विदेशी
बांग्लादेश के पास चार विदेशी कोच हैं। हेड कोच हैं रसेल डोमिंगो। बॉलिंग कोच हैं चार्ल लैंग्वेल्ट, बैटिंग कोच हैं नील मैकेंजी और स्पिन गेंदबाजी कोच हैं डेनियल विटोरी। पाकिस्तान के अखबार ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के मुताबिक, इन चारों ने बीसीबी को एक खत लिखा है। इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान में सुरक्षा के हालात को देखते हुए उनका वहां जाना संभव नहीं है।
बीसीबी फिलहाल चुप
कोचिंग स्टाफ के फैसले पर बीसीबी फिलहाल, खुलकर कुछ नहीं बोल रहा है। इसके चीफ एग्जीक्यूटिव निजामुद्दीन चौधरी ने कहा, “अब तक हमने इस बारे में औपचारिक तौर पर कोई विचार विमर्श नहीं किया। अगर ये हालात बनते हैं तो मीडिया को विस्तार से जानकारी जरूर दी जाएगी।”
महिला टीम के भारतीय कोच भी नहीं गए
बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीम फिलहाल, तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान में है। यह टीम दो वनडे भी खेलेगी। इस टीम का कोचिंग स्टाफ भारतीय है। हेड कोच अंजू जैन, असिस्टेंट कोच देविका पल्सीकर और ट्रेनर कविता पांडे हैं। इन तीनों ने टीम के साथ पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी इसकी पुष्टि की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Wg1IQx
No comments