Breaking News

भारत दौरे से पहले बांग्लादेश बोर्ड शाकिब पर कर सकता है सख्त कानूनी कार्रवाई; शर्त तोड़ने का आरोप

खेल डेस्क. बीसीबी (बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड) ने टीम के कप्तान शाकिब अल हसन को नोटिस जारी करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। उन्हें ये नोटिस केंद्रीय अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन के आरोप में जारी किया गया है। बोर्ड का कहना है कि अगर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक शाकिब ने हाल ही में एक टेलीकॉम कंपनी के साथ डील साइन की थी, और इसी बात को लेकर बोर्ड उन पर भड़क गया है।

बांग्लादेश की बड़ी टेलीकॉम कंपनी 'ग्रामीणफोन' ने 22 अक्टूबर को देश के प्रमुख ऑलराउंडर को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की थी, लेकिन सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट के मुताबिक हसन ऐसी कोई डील नहीं कर सकते। इसी बात को लेकर बोर्ड ने उनसे जवाब मांगा है। इस मामले में बीसीबी अध्यक्ष नजमूल हसन ने कहा है कि शाकिब अगर इस मामले का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते हैं तो बोर्ड उनके खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनसे मुआवजा मांगेगा।

केंद्रीय अनुबंध के अनुसार शाकिब की डील गलत

हसन ने कहा, 'वे टेलीकॉम कंपनी के साथ इस तरह की डील साइन नहीं कर सकते और वे ऐसा अनुबंध क्यों नहीं कर सकते, इस बारे में हमारे कॉन्ट्रेक्ट पेपर में साफ बताया गया है।' इसकी वजह बताते हुए हसन ने कहा, 'रोबी (टेलीकॉम) हमारा टाइटल स्पॉन्सर था और ग्रामीणफोन ने बोली नहीं लगाते हुए एक या दो करोड़ टका देकर सीधे क्रिकेटर्स को साइन करना शुरू कर दिया। आखिर में क्या हुआ, बोर्ड ने पिछले तीन साल में 90 करोड़ टका खो दिए।'

मुआवजे की मांग करेगा बांग्लादेश बोर्ड

आगे हसन ने कहा, 'हम कानूनी कदम उठाने जा रहे हैं, हम इस मामले में किसी को भी नहीं छोड़ सकते। हम मुआवजे की मांग करेंगे। हम खिलाड़ी के साथ-साथ कंपनी से भी हर्जाने की मांग करेंगे।' उनके मुताबिक, 'मैंने (23 अक्टूबर को) इस बारे में सुना और ग्रामीणफोन को मुआवजे के लिए कानूनी नोटिस भेजने के बारे में कहा। साथ ही मैंने शाकिब को भी स्पष्टीकरण के लिए एक पत्र भेजने के बारे में कहा। हम उन्हें यह साबित करने का पूरा मौका देना चाहते हैं कि उन्होंने किसी तरह का नियम नहीं तोड़ा। उनकी हरकत देखने से हमें कुछ ऐसा लग रहा है कि 'बोर्ड भाड़ में जाए' और अगर सचमुच ऐसा है तो हम कड़ी कार्रवाई करेंगे।'

शाकिब के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने की थी हड़ताल

शाकिब ने हाल ही में वरिष्ठ क्रिकेटरों मुश्फिकुर रहीम और मेहमुदुल्लाह रियाद के साथ मिलकर अन्य कई खिलाड़ियों की अगुवाई में 11 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल कर दी थी। इन मांगों में घरेलू मैच फीस और दैनिक भत्तों में बढ़ोतरी जैसी कई मांगें शामिल थीं। खिलाड़ियों की हड़ताल के बाद टीम का भारत दौरा भी खतरे में पड़ गया था। हालांकि बीसीबी की ओर से 11 में से 9 मांगें मान लिए जाने के बाद ये विवाद खत्म हो गया था। बांग्लादेश की टीम का भारत दौरा 3 नवंबर से शुरू हो रहा है। इसमें तीन टी-20 और दो टेस्ट होंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
शाकिब अल हसन (फाइल फोटो)


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/367Rqqh

No comments