राशिद लतीफ ने कहा- सचिन तेंडुलकर मेरे बॉस- उन्होंने कहा है कि एक खिलाड़ी की दूसरे से तुलना न करें
खेल डेस्क. साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में विराट कोहली ने 7वां दोहरा शतक लगाया। दुनियाभर के क्रिकेट फैन्स और एक्सपर्ट कप्तान कोहली की तारीफ कर रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर और कप्तान राशिद लतीफ ने भी कोहली को सैल्यूट किया है। एक यूट्यूब चैनल पर राशिद ने एक सवाल के जवाब में कहा- मेरे बॉस, सचिन तेंडुलकर ने मुझे कहा था कि एक खिलाड़ी की तुलना किसी दूसरे खिलाड़ी से नहीं की जानी चाहिए। क्योंकि, हर प्लेयर अपने अंदाज से खेलता है। इन्हीं राशिद लतीफ ने 2017 में कहा था कि सचिन तो कोहिनूर हीरे जितने कीमती हैं और भारत खुशनसीब है कि यह हीरा उनके पास है।
वीरेंद्र सहवाग जैसा खतरनाक कोई नहीं
प्रोग्राम में होस्ट से बातचीत के दौरान लतीफ ने भारतीय बल्लेबाजों की महान परंपरा का जिक्र किया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कोहली की बल्लेबाजी को राशिद ने अद्भुत बताया। कहा, “जिम्मेदारी किसे कहते हैं, ये कोहली से सीखिए। वो चाहते तो 300 रन भी बना सकते थे। लेकिन, उन्होंने बताया कि लीडर किसे कहते हैं। पारी घोषित कर दी। जब वो 216 पर थे तब पहला छक्का लगाया। पूरी इनिंग में सिर्फ एक स्वीप शॉट खेला। इसे अनुशासन कहते हैं।”
32 कप्तानों के 4 दोहरे शतक, और कोहली के अकेले 7
प्रोग्राम के होस्ट के मुताबिक, कोहली टीम इंडिया के 33वें कप्तान हैं। इसके पहले 32 कप्तानों ने कुल मिलाकर चार दोहरे शतक लगाए। जबकि, अकेले विराट कोहली के 7 दोहरे शतक हैं। एक साल पहले राशिद लतीफ और वीरेंद्र सहवाग की ट्विटर पर काफी कहासुनी हुई थी। लेकिन, इस प्रोग्राम में लतीफ ने साफ कहा कि सहवाग जैसा कोई नहीं। राशिद के मुताबिक, “वीरू ने ओपनिंग की परिभाषा ही बदल दी। उनकी बैटिंग हैरान करती थी। उन्होंने दो ट्रिपल सेंचुरी लगाईं और दो बार इनके बिल्कुल करीब पहुंचकर आउट हुए। विराट इस मामले में उनसे बहुत पीछे हैं। मेरे बॉस हैं सचिन तेंडुलकर। उन्होंने मुझसे कहा था- कभी एक खिलाड़ी की तुलना, दूसरे खिलाड़ी से नहीं की जानी चाहिए। ये गलत है।”
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2nDBASL
No comments