प्रॉक्सी कप्तान के रूप में आए टेम्बा बवुमा भी द. अफ्रीका को टॉस नहीं जीता सके, विराट ने कंधे पर हाथ रखकर सांत्वना दी
खेल डेस्क. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच शनिवार से रांची में शुरू हो गया। मैच से पहले एक मजेदार वाकिया हुआ, जब दक्षिण अफ्रीकी कप्तान फाफ डुप्लेसिस टॉस के लिए अपने साथ टेम्बा बवुमा को मैदान पर साथ लेकर आए। डुप्लेसिस ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि वो एशियाई जमीन पर लगातार नौ टॉस हार चुके थे और रांची टेस्ट में ऐसा नहीं होने देना चाहते थे। हालांकि टॉस जीतने की उनकी ये कोशिश भी असफल रही और एकबार फिर भारत ने टॉस जीत लिया। इसके बाद डुप्लेसिस और विराट दोनों को हंसी आ गई।
टॉस के लिए जब दोनों टीमों के कप्तान और मैच रैफरी मैदान पर पहुंचे तो उनका परिचय कराते हुए टीवी कमेंटेटर मुरली कार्तिक ने कहा 'मेरी बाईं तरफ खड़े हैं दक्षिण अफ्रीकी कप्तान फाफ डुप्लेसिस, उनके साथ हैं भारतीय कप्तान विराट कोहली और रोचक रूप से उनके पास खड़े हैं दक्षिण अफ्रीका के प्रॉक्सी (प्रतिनिधि) कप्तान टेम्बा बवुमा, जो कि टॉस के लिए आए हैं और उनके बाजू में हैं मैच रैफरी रिची रिचर्ड्सन।' इसके बाद विराट टॉस का सिक्का उछालते हैं, और दक्षिण अफ्रीका एक बार फिर टॉस हार जाता है। टॉस के बाद विराट को हंसी आ जाती है और वे हंसते हुए बवुमा के कंधे पर हाथ रखकर सहानुभूति भी जताते हैं।
डुप्लेसिस ने किसी और को मौका देने की बात कही थी
मैच से एक दिन पहले ही डुप्लेसिस ने पहले ही कहा था कि वे रांची टेस्ट में टॉस के लिए किसी और को भी मौका दे सकते हैं, क्योंकि इस मामले में उनका रिकॉर्ड खराब रहा है। मैच में टॉस को महत्वपूर्ण मानते हुए डुप्लेसिस ने कहा था अगर उनकी टीम को पहले बैटिंग मिलती है तो फिर वो कुछ भी संभव कर सकते हैं।
भारत ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी
सीरीज में लगातार तीसरी बार टॉस जीतने के बाद रांची टेस्ट में विराट कोहली ने एकबार फिर पहले बल्लेबाजी को चुना। इस मैच के लिए भारतीय टीम में एक बदलाव हुआ, कुलदीप यादव की जगह पर शहबाज नदीम को लिया गया। ये उनका डेब्यू मैच है। वहीं दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पांच बदलाव किए। थियुनिस डी ब्रुईन, एडेन मार्कराम, मुथुसामी, केशव महाराज और वर्नोन फिलैंडर को टीम से बाहर कर दिया। इनके स्थान पर जुबैर हम्जा, हेनरिच क्लासेन, जॉर्ज लिंडे, लुंगी एंगीडी और डेन पीट को टीम में शामिल किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35Re6eq
No comments