Breaking News

सिंधु-साइना फ्रेंच ओपन क्वार्टरफाइनल में हारीं, सात्विक-चिराग की जोड़ी सेमीफाइनल में

खेल डेस्क. भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु और साइना नेहवाल फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। वर्ल्ड चैम्पियन सिंधु को क्वार्टरफाइनल में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी चीनी ताइपे की ताई जू यिंग ने हराया। ताई जू यिंग ने इस मुकाबले को एक घंटे 15 मिनट में 21-16, 24-26, 21-17 से अपने नाम कर लिया। इससे पहले साइना को अंतिम-8 के मुकाबले में दक्षिण कोरिया की ऐन से यंग ने 22-20, 23-21 से हराया। यह मुकाबला 49 मिनट चला।

दूसरी ओर, मेन्स डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरैड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी सेमीफाइनल में पहुंच गई। दोनों ने क्वार्टरफाइनल में डेनमार्क के किम एस्टरूप और एंडर्स स्कारूप की जोड़ी को 21-13, 22-20 से हराया। इस साल अगस्त में थाईलैंड ओपन का खिताब जीतने वाले सात्विक और चिराग की जोड़ी का मुकाबला सेमीफाइनल में पांचवीं सीड जापान के हिरोयूकी इंडो और युता वतानाबे की जोड़ी से होगा।

साइना अप्रैल के बाद पहली बार क्वार्टरफाइनल में पहुंची थीं
सिंधु पहला गेम 16-21 से हार गई थीं, लेकिन दूसरे गेम में उन्होंने वापसी की और इसे 26-24 से जीत लिया। तीसरे और आखिरी गेम को ताई जू ने 21-17 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। दूसरी ओर, साइना अप्रैल के बाद पहली बार क्वार्टरफाइनल में पहुंची थीं। उन्होंने जनवरी में इंडोनेशिया मास्टर्स का खिताब अपने नाम किया था। साइना पिछले तीन टूर्नामेंट चाइना ओपन, कोरिया ओपन और डेनमार्क ओपन के पहले राउंड में बाहर हो गई थीं। वे अब जर्मनी में सारलोर्लक्स ओपन में खेलेंगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पीवी सिंधु और साइना नेहवाल।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2MN3eq6

No comments