वेस्टइंडीज ने भारत को पहले वनडे में 1 रन से हराया, प्रिया पूनिया का अर्धशतक बेकार
खेल डेस्क. वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम ने तीन वनडे की सीरीज के पहले मैच में भारत को एक रन से हरा दिया। शुक्रवार को एंटीगुआ के नॉर्थ साउंड में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने 50 ओवर में 7 विकेट पर 225 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 50 ओवर में 224 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम इंडिया के लिए प्रिया पूनिया ने 75 रनों की पारी खेली। उन्होंने करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
वेस्टइंडीज की ओपनर नताशा मैकलीन और स्टेकी-एन किंग ने टीम को मजबूत शुरुआत देते हुए 51 रन की साझेदारी की। किंग 12 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बाद शेमाइन कैम्पबेल खाता खोले बगैर ही पवेलियन लौट गईं। नताशा ने 82 गेंद पर 51 रन बनाए। कप्तान स्टेफनी टेलर ने 91 गेंद पर 94 रन की पारी खेलकर टीम को 225 रन तक पहुंचाया। भारत के लिए दीप्ति शर्मा और शिखा पांडेय ने दो-दो विकेट लिए। झूलन गोस्वामी को एक सफलता मिली।
प्रिया और जेमिमाह ने पहले विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी की
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। प्रिया और जेमिमाह रोड्रिग्ज ने पहले विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी की। जेमिमाह 67 गेंद पर 41 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। उनके बाद पूनम राउत और मिताली राज ने अच्छी शुरुआत के बाद अपने विकेट गंवा दिए। पूनम ने 22 और मिताली ने 20 रन बनाए। हरमनप्रीत कौर 5, दीप्ति 19, तानिया भाटिया 5 और झूलन गोस्वामी ने 14 रन का योगदान दिया। विंडीज के लिए अनिसा मोहम्मद ने पांच विकेट लिए। दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे रविवार को खेला जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/339Dzhi
No comments