Breaking News

मैच फिक्सिंग पर बोले शोएब अख्तर- मैं 22 प्लेयर्स के खिलाफ खेलता था; आमिर-आसिफ को मारने गया था

खेल डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपने दौर में मैच फिक्सिंग को स्वीकार किया। शोएब ने एक इंटरव्यू में कहा- एक वक्त था जब मैं 22 खिलाड़ियों के खिलाफ खेलता था। 11 दूसरी टीम के और 10 मेरी टीम के। लेकिन, खुद कभी इस गंदगी में शामिल नहीं हुआ। मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर के बारे में शोएब ने कहा कि वो इन दोनों प्लेयर्स को मारने गए थे। लेकिन, ये मिल नहीं पाए। बता दें कि आमिर अब भी पाकिस्तान टीम में हैं।

चारों तरफ मैच फिक्सर्स थे
शोएब हाल ही में एक टॉक शो ‘रिवाइंड विथ समीना पीरजादा’ में शामिल हुए। इसमें उन्होंने अपनी जिंदगी के कुछ अहम पलों पर चर्चा की। इस दौरान मैच फिक्सिंग का भी जिक्र हुआ। इस पर उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा यही सोचा कि अपने मुल्क को धोखा नहीं दूंगा। कभी मैच फिक्सिंग जैसे अपराध में शामिल नहीं हुआ। वो भी तब जबकि मेरे चारों तरफ मैच फिक्सर्स बैठे होते थे। सच्चाई ये है कि मैं 22 प्लेयर्स के खिलाफ खेलता था। 11 विपक्षी टीम के होते थे और 10 मेरी टीम के। आप कह नहीं सकते थे कि कौन मैच फिक्सिंग नहीं कर रहा है।”

आसिफ ने मानी थी मैच फिक्सिंग की बात
पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर अक्सर मैच या स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगते रहे हैं। इस बारे में शोएब ने कहा, “मैं आपको ब्रेकिंग न्यूज दे रहा हूं। मोहम्मद आसिफ ने मुझे बताया था कि उन्होंने कितने और कैसे मैच फिक्स किए। आमिर ने भी यही किया। मैं तो इन दोनों को मारने गया था। जब ये नहीं मिले तो दीवार पर मुक्के मारकर उसे तोड़ दिया। पाकिस्तान के दो प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज आमिर और आसिफ इसी अपराध की वजह से बेकार हो गए। पाकिस्तान के मैच फिक्स करने वाले खिलाड़ियों ने मुल्क को धोखा दिया। उसे बेचा। ये अपराध है। इनका इंसाफ ऊपर वाला करेगा।” बता दें कि पाकिस्तान के कई खिलाड़ियों पर मैच फिक्सिंग के आरोप लगे हैं। ये फेहरिस्त लंबी है। लेकिन, सलीम मलिक, मोहम्मद आसिफ, सलमान बट, शर्जील खान और मोहम्मद आमिर के नाम इस सिलसिले में प्रमुख हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
शोएब अख्तर के मुताबिक, मोहम्मद आसिफ ने खुद उन्हें मैच फिक्स करने की बात बताई थी। (फाइल)


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2C3piGZ

No comments