Breaking News

अपने बिजनेस को खुद करें फाइनेंस, बैंकिंग स्कीम्स और योजनाओं की भी ले सकते हैं मदद

यूटिलिटी डेस्क. कई महिलाएं फुल-टाइम जॉब की जगह अपना बिजनेस शुरू करने की इच्छा रखती हैं। लेकिन इसमें सबसे बड़ी समस्या होती है- फंड की कमी। किसी भी बिजनेस आइडिया को तब तक मूर्त रूप नहीं दिया जा सकता, जब तक उसे शुरू करने के लिए पैसा न हो। भारत सरकार ने ऐसी महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठाए हैं। कई बैंकिंग स्कीम्स और योजनाओं (प्रधानमंत्री मुद्रा योजना) से काफी मदद मिली है। लेकिन आप अपना बिजनेस खुद के पैसों से भी शुरू कर सकती हैं। इसके लिए कुछ टिप्स दे रहे हैं, ताकि आपके बिजनेस के सपने में फंड की कमी आड़े न आए।

  1. बिजनेस शुरू करें तो याद रखें कि यह पूरी तरह से आपके कौशल और विशेषज्ञता पर आधारित होना चाहिए। शुरुआत में किसी को नौकरी पर रखने या थर्ड पार्टी की मदद लेने से बचें, इससे आपका पैसा बचेगा। बाहरी स्रोतों पर जितना कम निर्भर रहेंगी, उतनी ज्यादा बचत होगी।

  2. बिजनेस चाहे सर्विस आधारित हो या हैंडमेड प्रोडक्ट्स का, सबसे पहले घर में ही ऑफिस बनाएं। शुरुआत में अलग से किराए पर ऑफिस लेना खर्चीला साबित हो सकता है। ऑफिस स्पेस बहुत महंगे होते हैं और उनके रखरखाव पर भी खर्च करना पड़ता है। आप घर के किसी कमरे में ऑफिस का सेटअप कर सकती हैं।

  3. बिजनेस की शुरुआत में मार्केटिंग पर खर्च न करें। शुरुआत अपने सर्कल से करें। अपने बिजनेस की सेवाएं पहले दोस्तों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों, नौकरी के पुराने साथियों आदि को दें। बिजनेस का प्रचार करने के लिए वाट्सएप और अपने फेसबुक प्रोफाइल का इस्तेमाल करें।

  4. बिजनेस को खुद फाइनेंस करने का एक तरीका कम से कम 1-2 प्रोजक्ट्स एडवांस में लेना भी है। आपके पूर्व बॉस, अच्छे दोस्त, रिश्तेदार, पड़ोसी विश्वसनीय स्रोत साबित हो सकते हैं और आप बिजनेस शुरू कर सकती हैं।

  5. अगर आपके पास कौशल है और बिजनेस के लिए अतिरिक्त पैसा भी चाहिए तो पार्ट-टाइम जॉब अच्छा विकल्प है। gharsenaukri.com, monster.com, shine.com जैसी वेबसाइट पर जॉब तलाश सकती हैं।

  6. बिजनेस के लिए ऑफिस चाहिए और ऑफिस के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर (कंप्यूटर, ऑफिस फर्नीचर, फोन या कच्चा माल आदि) की जरूरी पड़ेगी ही। कोशिश कीजिए कि खरीदने के बजाय ये सभी चीजें आपको किराये पर मिल जाएं। पैसा बचाने के लिए आपको समझदारी से खरीदारी करनी होगी।

  7. बिजनेस शुरू करने में सबसे पहले अपनी बचत का ही इस्तेमाल करें। ये सेविंग्स एकाउंट, कैश गिफ्ट या कोई पुराना निवेश आदि हो सकती है। खर्चों का प्रबंधन भी बेहतर करें। परिवार से जुड़े खर्च तो उतने ही रहेंगे लेकिन आप फिजूलखर्च से बच सकती हैं। डिस्काउंट कूपन इस्तेमाल करें, सेल के मौसम का इंतजार करें, थोक में सामान खरीदें, खाने के लिए बाहर कम जाएं, ब्यूटी पार्लर कम जाकर खुद मैनीक्योर-पैडीक्योर आदि करना सीखें। बिजनेस की शुरुआत में ये छोटे-छोटे त्याग ही आगे जाकर आपको फायदा दिलाएंगे।



      Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


      from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33EKxes

No comments