ऋषभ पंत के खराब प्रदर्शन से धोनी के पास फिर मौका
महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे वर्ल्ड कप के बाद एक भी मैच नहीं खेला है। लेकिन फिर से अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को लेकर उनके नाम की चर्चा हो रही है। बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में ऋषभ पंत के खराब प्रदर्शन के कारण धोनी को मौका मिल गया है, क्योंकि इस बीच उनके रिटायरमेंट की बात हो रही थी।
लिमिटेड ओवर में भी पंत का खराब प्रदर्शन
पंत के खराब प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को एक कदम पीछे हटने पर मजबूर कर दिया है। चीफ सिलेक्टर एमएसके प्रसाद ने कहा था कि पंत सभी फॉर्मेट में उनकी पहली पसंद हैं। बाद में प्रसाद ने कहा कि हम धोनी से आगे के बारे में सोच रहे हैं। इस समय पंत बल्ले से अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। पंत ने टेस्ट टीम से अपनी जगह खो दी है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी जगह रिद्धिमान साहा को मौका दिया गया। लेकिन अब बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टी20 में विकेट के पीछे खराब प्रदर्शन के कारण पंत अब लिमिटेड ओवर में भी सबके निशाने पर हैं। चयनकर्ताओं ने संजू सैमसन को भी टीम में शामिल किया है। भले ही 24 साल के सैमसन का करिअर उतार-चढ़ाव भरा रहा हो लेकिन आईपीएल में प्रदर्शन के बाद वे एक अच्छे क्रिकेटर बन गए हैं। ऐसे में वे पंत के लिए एक बड़ा खतरा हैं।
पंत के लिए सैमसन, किशन और भरतखतरा बन सकते हैं
सैमसन के अलावा कई और विकेटकीपर पंत के लिए खतरा हैं। इसमें इशान किशन और केएस भरत हैं। केएल राहुल भी यह भूमिका निभा सकते हैं। कई युवा कीपर बल्लेबाजों के बाद भी 38 साल के धोनी फिर क्यों चर्चा में हैं। इस पर विचार किया जाना चाहिए। अन्य सभी का प्रदर्शन विकेट के पीछे अच्छा नहीं है। लिमिटेड ओवर में यह किसी भी टीम के लिए अच्छा नहीं होता है। टेस्ट में टीम इंडिया नंबर-1 है जबकि वनडे में नंबर-2 पर काबिज है। टी20 में हम पांचवें नंबर पर हैं। हालांकि टी20 फॉर्मेट में तेजी से बदलाव आते हैं। लेकिन फिर भी टीम इंडिया 2007 में चैंपियन बनने के अपने प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकी है।
सिलेक्टर्स को टीम को जीत दिलाने वाला कॉम्बिनेशन खोजना होगा
टी20 में सिर्फ पंत के खराब प्रदर्शन को देखना गलत है। विकेटकीपर परिपक्व होने में अधिक समय लेते हैं। पंत अभी सिर्फ 22 साल के हैंं। यहां से वे अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाते जाएंगे। टीम में शामिल खिलाड़ियों की बात करें तो रोहित, विराट, चहल, बुमराह और पंड्या की ही जगह अगले वर्ल्ड कप के लिए पक्की है। अन्य 10 स्थान के लिए अभी भी फाइट है। अब तक टीम को लगातार जीतने वाला कॉम्बिनेशन नहीं मिल पाया है। सिलेक्टर्स को इसे खोजना होगा। इसमें विकेटकीपर का स्लॉट सबसे महत्वपूर्ण और सबसे ज्यादा चैलेंजिंग हैं। क्योंकि धोनी शानदार क्रिकेटर हैं। खेल को पढ़ने और कप्तान को सलाह देने की उनकी शानदार क्षमता महत्वपूर्ण थी। इसलिए ऋषभ पंत और अन्य युवाओं के बीच प्रतिस्पर्धा होने के बाद भी धोनी इस समीकरण में शामिल हो गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2qB6MDo
No comments