Breaking News

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज निक मेडिसन भी मानसिक तनाव में, पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेंगे

खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई बैट्समैन निक मेडिसन ने मानसिक स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से पाकिस्तान के खिलाफ टूर मैच खेलने से इनकार कर दिया है। शनिवार को ऑस्ट्रेलिया ए टीम के कोच ग्रीम हिक ने इसकी जानकारी दी। हालांकि, मेडिसन ने शुक्रवार को ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को लिखित में इसकी जानकारी दे दी थी। मेडिसन 2016 में ऑस्ट्रेलिया के लिए तीन टेस्ट खेल चुके हैं। तब भी एक बार वो मानसिक तौर पर अस्वस्थ हो गए थे और इसी वजह से टीम से नाम वापस ले लिया था। कुछ दिन पहले ग्लेन मैक्सवेल ने भी इसी आधार पर ऑस्ट्रेलियाई टीम से नाम वापस ले लिया था।

दूसरी बार ब्रेक और इसी आधार पर
निक ने घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बाद 2016 में ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट डेब्यू किया था। वो तीन टेस्ट खेले भी। लेकिन, इसके फौरन बाद वो मानसिक समस्याओं से जूझने लगे। 2017 की शुरुआत में उन्होंने इसी आधार पर ब्रेक लिया। 2018 में उन्होंने फिर वापसी की। अच्छे प्रदर्शन की वजह से उन्हें ऑस्ट्रेलियाई ए टीम में चुना गया। इस टीम को पाकिस्तान के खिलाफ तीन दिवसीय टूर मैच खेलना है। इसके पहले ही निक ने टीम से नाम वापस ले लिया।

चुप्पी से बेहतर, सच बोल देना
निक का मामला सामने आने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक बयान जारी किया। कहा, “मेडिसन ने सही फैसला लिया है और हम इसका समर्थन करते हैं।” ऑस्ट्रेलियाई ए टीम के कोच ग्रीम हिक ने कहा, “यह बहादुरी का काम है। निक ने चुप रहकर दर्द सहन करने की बजाए सच बयान किया। उसे सबसे पहले अपने मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना ही चाहिए।” निक की जगह अब एशेज सीरीज में ड्रॉप किए गए बल्लेबाज कैमरॉन बेनक्राफ्ट को ऑस्ट्रेलियाई ए टीम में चुना गया है। वो सोमवार से शुरू होने वाले इस मैच में खेलेंगे।

मैक्सवेल भी अनिश्चतकालीन छुट्टी पर
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने क्रिकेट से कुछ समय के लिए ब्रेक लिया है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए यह फैसला किया। मैक्सवेल ने श्रीलंका के खिलाफ तीन टी-20 के पहले मुकाबले में 28 गेंद पर 62 रन बनाए थे। उनकी पारी की मदद से ऑस्ट्रेलियाई टीम 134 रन से जीती थी। मैक्सवेल की जगह श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच के लिए डी आर्सी शॉर्ट को टीम में शामिल किया गया। क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साइकोलॉजिस्ट डॉ माइकल लॉयड के हवाले से लिखा, "मैक्सवेल मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित कुछ कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। इस कारण वे क्रिकेट से कुछ दिन दूर रहेंगे।’



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
निक ने घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बाद 2016 में ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट डेब्यू किया था। (फाइल)


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2NwKzQ0

No comments