Breaking News

क्रेडिट कार्ड और यूपीआई से भी रीचार्ज कर सकेंगे फास्टैग, अब तक 1.15 करोड़ से ज्यादा फास्टैग जारी

यूटिलिटी डेस्क. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने कहा है कि अब क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से भी फास्टैग को रीचार्ज किया जा सकेगा। अब तक सिर्फ बैंक खातों और प्रीपेड माध्यमों से फास्टैग को जोड़ने की अनुमति थी। इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम के तहत अब तक 1.15 करोड़ से ज्यादा फास्टैग जारी किए जा चुके हैं। एनएचएआई ने कहा है कि अब रोजाना करीब 1 लाख फास्टैग की बिक्री हो रही है।


रोजाना 52 करोड़ की कमाई

  • एनएचएआई की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया कि फास्टैग के जरिए रोजाना करीब 30 लाख ट्रांजेक्शन हो रहे हैं और रोजाना का इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन 52 करोड़ रुपए के पार चला गया है।
  • एनएचएआई ने 15 दिसंबर से देश के सभी 523 टोल प्लाजा पर इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन को अनिवार्य कर दिया था। इसके तहत केवल फास्टैग के जरिए टोल का भुगतान लिया जाएगा। हालांकि, अभी 15 जनवरी तक केवल 75 फीसदी टोल लेन में फास्टैग के जरिए ई-टोल लिया जा रहा है।
  • 15 जनवरी के बाद 100 फीसदी टोल लेन को फास्टैग के लिए अनिवार्य कर दिया जाएगा। अगर 15 जनवरी तक भी वाहन पर फास्टैग नहीं लगाया जाता है तो टोल प्लाजा से गुजरने पर वाहन चालक को दोगुना टोल टैक्स देना पड़ेगा।

फास्टैग से पार्किंग और फ्यूल का भी कर सकेंगे भुगतान

  • टोल टैक्स पर टैक्स वसूली के अलावा जल्द ही पूरे देश में फ्यूल पेमेंट और वाहन पार्किंग चार्ज का भुगतान भी किया जा सकेगा। इसकी शुरुआत हैदराबाद एयरपोर्ट से हो चुकी है, जहां कार पार्किंग समेत अन्य चार्ज का भुगतान फास्टैग (FASTag) से होगा। इसे फास्टैग 2.0 नाम से जाना जाएगा। हैदराबाद में सफलता मिलने के बाद यह परियोजना दिल्ली हवाई अड्डे पर भी शुरू की जाएगी।
  • सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि फास्टैग 2.0 पायलट प्रोजेक्ट दो फेस में लॉन्च किया है। पहला चरण दरअसल एक नियंत्रित पायलट परीक्षण है, जिसके तहत केवल आईसीआईसीआई टैगों का ही इस्तेमाल किया जाएगा। पायलट परियोजना के दूसरे चरण में सभी अन्य बैंकों द्वारा जारी किए जाने वाले टैगों को कवर किया जाएगा।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक फोटो


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2tgaFPp

No comments