Breaking News

विदेश आना-जाना लगा रहता है तो ग्लोबल हेल्थ इंश्योरेंस लेना बेहतर

यूटिलिटी डेस्क. आज की तारीख में विदेश यात्रा करना लोगों की जरूरत और लाइफस्टाइल का हिस्सा बन गया है। चाहे आप बिजनेस के लिए बाहर जा रहे हों या शिक्षा हासिल करने। चाहे इस दौरान आपका परिवार आपके साथ जाए या घर पर रहे आपको अपने स्वास्थ्य की चिंता बनी रहती है। जब आप नए देश में अकेले होते हैं, आस-पास के लोगों से परिचित नहीं होते और यह पता नहीं होता है कि जरूरत पड़ने पर किससे मदद मांगी जाए तो ऐसी परिस्थितियों में इंश्योरेंस की जरूरत पैदा होती है।


आप कह सकते हैं कि ट्रैवल इंश्योरेंस ही काफी है, लेकिन ऐसा होता नहीं है। ग्लोबल हेल्थ इंश्योरेंस आपकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का ख्याल रखता है। ऐसे समय में जब लोग पहले से कहीं ज्यादा बाहर जाते हैं ग्लोबल हेल्थ इंश्योरेंस इस बात का ख्याल रखता है कि कहीं भी आपको हेल्थकेयर की चिंता करने की जरूरत न पड़े।


ग्लोबल हेल्थ इंश्योरेंस ऐसे लोगों के लिए डिजाइन किया जाता है जो लंबे समय तक देश से बाहर रहते हैं और इस बात के आश्वस्त रहना चाहते हैं कि उनकी मेडिकल जरूरतें कवर रहें। यह ट्रैवल इंश्योरेंस जैसा नहीं होता है और लंबे समय तक समग्र कवर देता है। कॉरपोरेट ऑर्गेनाइजेशन और पर्यटकों की की विदेश यात्राओं में इजाफे के कारण ग्लोबल हेल्थ इंश्योरेंस की लोकप्रियता बढ़ रही है। ग्लोबल हेल्थ इंश्योरेंस सिर्फ ट्रैवल के मकसद से नहीं बल्कि विदेश में इलाज कराने के उद्देश्य से भी लिया जाता है।


जहां तक ट्रैवल इंश्योरेंस का सवाल है तो यह कम समयावधि के लिए लिया जाता है। यह उन मौकों के लिए लिया जाता है जब इंश्योर्ड व्यक्ति कुछ दिन या सप्ताह के लिए बाहर जाता है। वहीं, ग्लोबल हेल्थ इंश्योरेंस ज्यादा समग्र होता है और उन लोगों के लिए ज्यादा उपयुक्त है जो बार-बार या लंबे समय के लिए विदेश जाते हैं। इसमें प्लान्ड, अनप्लान्ड और रोजमर्रा की मेडिकल जरूरतें कवर होती हैं। इसमें सर्जरी, डेंटल ट्रीटमेंट और रूटीन हेल्थ चेक अप्स भी शामिल होते हैं।


फिनकॉर्ड की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक इस समय दुनियाभर में छह करोड़ लोग ऐसे हैं जो अपने देश से बाहर काम करते हैं। 2021 तक यह आंकड़ा नौ करोड़ तक पहुंच जाने का अनुमान है। वहीं, एचएसबीसी की एक्सपैट एक्सप्लोरर रिपोर्ट के मुताबिक 2019 में विदेश में काम करने वाली महिलाओं की संख्या 2018 की तुलना में दोगुनी हो जाने का अनुमान है।


ग्लोबल हेल्थ इंश्योरेंस आप की जेब कुछ भारी पड़ सकता है लेकिन आप इसके फायदों से इनकार नहीं कर सकते हैं। विदेशों में मेडिकल ट्रीटमेंट आम तौर पर काफी महंगा होता है। अगर आपके पास कवर नहीं है और विदेश में आप बीमार पड़ गए तो काफी मुश्किल खड़ी हो सकती है। ग्लोबल हेल्थ इंश्योरेंस होने से आपको इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं होती है। पॉलिसी देने वाली कंपनी जरूरत पर आपको अच्छा हॉस्पिटल ढूंढने में मदद करती है। साथ ही यह अच्छे डॉक्टर भी रिकमेंड करती है। जैसा पहले बताया जा चुका है कि यह पॉलिसी महंगी होती है। यह घरेलू हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी की तुलना में तीन से चार गुना तक महंगी होती है। लिहाजा इसका चुनाव करने से पहले अपनी जरूरतों के मुताबिक पूरी रिसर्च जरूर कर लें।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
It is better to get global health insurance if you are going to travel abroad


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2PVfMfo

No comments