Breaking News

चोटिल भुवनेश्वर वनडे टीम से बाहर, शार्दुल ठाकुर को मौका मिला

खेल डेस्क. चोट के चलते तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह 15 सदस्यीय टीम में शार्दुल ठाकुर को शामिल किया गया। बीसीसीआई ने शनिवार को इसकी औपचारिक घोषणा कर दी है। इससे पहले शिखर धवन भी चोट के चलते वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह मयंक अग्रवाल को टीम में शामिल किया गया है। वनडे सीरीज का पहला मैच 15 दिसंबर को चेन्नई में खेला जाना है।

भुवनेश्वर वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में खेले थे। इस सीरीज का आखिरी मैच मुंबई में 11 दिसंबर को खेला गया था। उस मैच के दौरान भुवनेश्वर ने ग्रोइन इंजुरी की शिकायत की थी। अल्ट्रासाउंड के बाद पता चला कि उन्हें हार्निया की समस्या है। वहीं, धवन को सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट के दौरान घुटने में चोट लगी थी।

चोट से वापसी के बाद लय में नहीं दिखे भुवनेश्वर

इसी साल हुए वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी भुवी को मांसपेशियों में खिंचाव के चलते मैदान से बाहर जाना पड़ा था। हालांकि उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में वापसी की थी। उसके बाद से भुवी दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज नहीं खेल पाए। चोट से वापसी के बाद भुवनेश्वर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज खेली। उन्होंने इस सीरीज के पहले दो टी-20 में एक भी विकेट नहीं लिया, जबकि तीसरे मैच में 4ओवर में 41 रन देकर दो विकेट लिए।


भारतीय टीम : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), मयंक अग्रवाल, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडेय, ऋषभ पंत, शिवम दुबे, केदार जाधव, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, दीपक चाहर, मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में चोटिल भुवनेश्वर की जगह शार्दुल ठाकुर (दाएं) को मौका मिला।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34mnsfU

No comments