Breaking News

मेडिकल बीमा का फेज खत्म,अब से नई कंपनी चयन तक हर क्लेम का सरकार करेगी भुगतान

यूटिलिटी डेस्क. आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना (पूर्ववर्ती भामाशाह योजना) के अंतर्गत मरीजों को मेडिक्लेम फेज-2 की अवधि 12 दिसंबर आधी रात से खत्म हो जाएगी। गुरुवार से ही सरकार ने नई व्यवस्था लागू की है। मेडिकल बीमा कंपनी के चयन की 17 दिसंबर को टेंडर बिड खोली जानी है और चयन प्रक्रियाधीन है, लेकिन सरकार ने अगले तीन माह या नई कंपनी के चयन तक हर मरीज के मेडिक्लेम का भुगतान पूर्व की व्यवस्था के अनुसार ही जारी रखने के लिए खुद के स्तर से क्लेम का पेमेंट करने का फैसला किया है।


इसके लिए थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर के रूप में राजस्थान स्टेट हैल्थ एश्योरेंस एजेंसी का चयन बुधवार शाम किया गया है। अब यही एजेंसी अगले आदेश तक बीमा क्लेम की राशि पास करेगी। प्राइवेट या सरकारी किसी अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीज की बीमा क्लेम पू्र्ववर्ती व्यवस्था से पास किया जाएगा। यह जानकारी चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने दी। मंत्री ने बताया कि योजना के निर्बाध संचालन के लिये वर्ष 2018-19 की बीमा अवधि को अगले तीन महीने अथवा नवीन बीमा कंपनी के चयन तक बढ़ाया गया है। योजना से जुडे सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में सभी व्यवस्थाएं पूर्व की भांति यथावत रहेगी। योजना के लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिये निर्देश भी जारी किए गए हैं।


42 लाख को मिला है फायदा
12 दिसंबर 2019 की मध्य रात्रि के बाद योजना के अंतर्गत अनुबंधित बीमा कंपनी द्वारा किया जा रहा क्लेम का प्री ऑथ एप्रुवल, क्लेम प्रोसेस और भुगतान का समस्त कार्य अब अस्थाई रूप से बढ़ाई गई बीमा अवधि में थर्ड पार्टी एजेंसी के माध्यम से राजस्थान स्टेट हैल्थ एश्योरेंस एजेंसी द्वारा किया जायेगा। योजना की शर्तें यथावत लागू रहेंगी। योजना में अब तक 42 लाख 24 हजार 591 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत द्वितीय फेज 12 दिसंबर 2019 को मध्य रात्रि 12 बजे समाप्त हो रहा है एवं आगामी फेज-3 के लिये नवीन बीमा कंपनी का चयन प्रक्रियाधीन है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक फोटो


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38uWBlk

No comments