Breaking News

पहले वीकेंड में 'छपाक के 19 करोड़ के मुकाबले 'तान्हाजी' के 61 करोड़, दोनों ने लागत की आधी वसूली की

बॉलीवुड डेस्क. बॉक्स ऑफिस पर अजय देवगन अभिनीत 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' की जबर्दस्त कमाई जारी है। पहले वीकेंड फिल्म ने इंडिया में 61.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन करते हुए दीपिका पादुकोण स्टारर 'छपाक' को काफी पीछे छोड़ दिया है। खास बात यह है कि शुक्रवार (10 जनवरी) को रिलीज हुई 'तान्हाजी'का कलेक्शन शनिवार और रविवार को तेजी से बढ़ा। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को कलेक्शन में करीब 36 प्रतिशत का उछाल देखा गया तो वहीं, रविवार को फिल्म ने 72.7 फीसदी ज्यादा कमाई की।

ऐसा रहा 'तान्हाजी' का कलेक्शन

दिन कलेक्शन
शुक्रवार (10 जनवरी) 15.10 करोड़ रुपए
शनिवार (11 जनवरी) 20.57 करोड़ रुपए
रविवार (12 जनवरी) 26.08 करोड़ रुपए
पहला वीकेंड 61.75 करोड़ रुपए

'छपाक' के कलेक्शन में भी बढ़त दिखी

बात 'छपाक' की करें तो इस फिल्म ने इंडिया में पहले वीकेंड 19.02 करोड़ रुपए कमाए। पहले दिन फिल्म ने महज 4.77 करोड़ रुपए कमाए थे। हालांकि, दूसरे और तीसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में बढ़त देखी। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार के कलेक्शन में 44.65 फीसदी ज्यादा और रविवार को 54 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला।

फिल्म के कलेक्शन पर एक नजर

दिन कलेक्शन
शुक्रवार (10 जनवरी) 4.77 करोड़ रुपए
शनिवार (11 जनवरी) 6.90 करोड़ रुपए
रविवार (12 जनवरी) 7.35 करोड़ रुपए
पहला वीकेंड 19.02 करोड़ रुपए

क्या कहते हैं ट्रेड एक्सपर्ट

ट्रेड एक्सपर्ट तरन आदर्श ने दोनों फिल्मों का कलेक्शन अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। उन्होंने ओम राउत के निर्देशन में बनी 'तान्हाजी' को लेकर लिखा है कि फिल्म के लिए पहला वीकेंड हेरोइक रहा। उनके मुताबिक, महाराष्ट्र में जहां असाधारण उछाल देखने को मिला तो वहीं देश के बाकी सर्किट्स भी दूसरे और तीसरे दिन बड़ी बढ़त के गवाह बने।

आदर्श की मानें तो मेघना गुलजार निर्देशित 'छपाक' का वीकेंड रुझान अच्छा है, लेकिन बहुत खास नहीं है। फिल्म ने प्रीमियम मल्टीप्लेक्स खासकर अर्बन सेक्टर्स में बेहतरीन कमाई की है। हालांकि, एक हेल्दी वीक के लिए वीकडेज (सोमवार, मंगलवार, बुधवार और गुरुवार) में अच्छे रुझान की जरूरत है।

दोनों फिल्मों ने लागत की आधी वसूली की

'तान्हाजी' और 'छपाक' के कलेक्शन में बड़ा अंतर भले ही देखने को मिल रहा है, लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि दोनों ही फिल्में अपनी लागत की लगभग आधी वसूली कर चुकी हैं। 'तान्हाजी' अजय देवगन के होम प्रोडक्शन की फिल्म है और इसका बजट 120-150 करोड़ रुपए है। वहीं, 'छपाक' से दीपिका ने बतौर प्रोड्यूसर इंडस्ट्री में नई शुरुआत की है। इस फिल्म पर 35-40 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Ajay Devgn Tanhaji Chhapak Collection | Deepika Padukone vs Ajay Devgn Box Office Collection Day Wise News Updates; Taran Adarsh On First Weekend Collection of Tanhaji, Chhapak


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2FHqAJy

No comments