वर्ल्ड कप से महिला क्रिकेट को मिलेगा बढ़ावा, भारत-ऑस्ट्रेलिया की इसमें अहम भूमिका रहेगी: ब्रेट ली
खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली का मानना है कि आईसीसी महिला ट्वंटी-20 विश्व कप के आयोजन से महिला क्रिकेट के स्तर को नए मुकाम तक ले जाने में काफी मदद मिलेगी। पूर्व तेज गेंदबाज का कहना है कि इस टूर्नामेंट में भारत और ऑस्ट्रेलिया दो ऐसी टीमें हैं, जो महिला क्रिकेट को नए स्तर तक ले जा सकती हैं।
ली ने बुधवार को कहा, “हमने देखा है कि कम समय में महिला क्रिकेट ने कितनी तरक्की की है। 2009 में पहले महिला ट्वंटी-20 विश्व कप के आयोजन के बाद से तस्वीर काफी बदल गई है। मुझे इस बात पर गर्व है कि ऑस्ट्रेलिया इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का आयोजन कर रहा है।”
6 जगहों पर होंगे सभी मैच
शुक्रवार 21 फरवरी से आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप का आगाज हो रहा है। पहले मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला भारत से होगा। ली ने कहा कि सिडनी, पर्थ, कैनबरा और मेलबोर्न शहरों में 6 स्थलों का चयन किया गया है जहां विश्व कप के मैच होने हैं।
रॉयल ऑस्ट्रेलिया मिंट ने टी-20 महिला वर्ल्ड कप से पहले दो डॉलर का सिक्का जारी किया है। इसमें महिला क्रिकेटर की फोटो बनी है। देश में पहली बार महिला क्रिकेटर पर सिक्का जारी किया गया। ऑस्ट्रेलियाई टीम की विकेटकीपर एलिसा हीली ने कहा कि यह साल देश के महिला स्पोर्ट्स के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। वर्ल्ड कप के मुकाबले 21 फरवरी से 8 मार्च तक होने हैं। पहला मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाना है। ओपनिंग मुकाबले के पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि हम किसी भी टीम पर दबाव बनाने में सक्षम हैं। टूर्नामेंट के ओपनिंग मुकाबले को लेकर हम काफी उत्सुक हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2P8sl7I
No comments