इरडा ने बीमा कंपनियों को कोरोना वायरस भी कवर करने को कहा, भारत में इसके 28 केस सामने आए
यूटिलिटी डेस्क. भारत में कोरोना वायरस (कोविड19) के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसे देखते हुए बीमा नियामक इरडा ने बीमा कंपनियों से ऐसी पॉलिसी तैयार करने को कहा है जिनमें कोरोना वायरस के इलाज का खर्च भी कवर हो। इरडा के अनुसार भारत में कोरोना वायरस से पीड़ित लोगों की संख्या 28 तक पहुंच गई है। वहीं दुनियाभर में 3200 से अधिक मौतें हो चुकी हैं और 95,000 से अधिक मामले सामने आएहैं।
इरडा ने कहा है कि "स्वास्थ्य बीमा की जरूरत को पूरा करने के उद्देश्य से बीमा कंपनियों को सुझाव दिया जाता है कि वे ऐसे प्रोडक्ट डिजाइन करें जिसमें कोरोना वायरस के इलाज का खर्च भी कवर होता हो।" इसके अलावा कोरोना वायरस के इलाज से संबंधित दावों को जल्दी निपटाने को कहा है ताकि मरीजों को जल्दी और सही इलाज मिल सके। इरडा ने कहा कि जिन मामलों में अस्पताल में भर्ती होने का खर्च कवर हो, बीमा कंपनियां यह सुनिश्चित करें कि कोविड19 से संबंधित मामलों का तेजी से निपटान किया जाए।
महामारी घोषित होने पर नहीं मिलेगा बीमा पॉलिसी का लाभ
- इरडा के सर्कुलर पर एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के हेड सुब्रमण्यम बी का कहना है कि कोरोना वायरस के दावे का निपटान तभी हो सकता है जब मरीज 24 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहा हो। क्योंकि ज्यादातर स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी उन मरीजों को कवर नहीं करती है जो अस्पताल में 24 घंटे भर्ती ना रहे हों। सुब्रमण्यम बी ने कहा कि अगर भारत सरकार या डब्ल्यूएचओ द्वारा कोरोना को महामारी घोषित किया जाता है तो इसमें बीमा का फायदा नहीं मिलेगी क्योंकि ऐसी बीमारियां पॉलिसी में कवर नहीं होतीं।
- मैक्स बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के एमडी आशीष मेहरोत्रा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अगर कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है तो उन्हें बीमा की राशि मिलेगी। कंपनी बीमा के दावे का निपटान जल्दी करेगी, हालांकि कंपनियों ने यह नहीं बताया कि अगर मरीज को अलग केंद्र में रखा जाता है तो उन्हें बीमा पॉलिसी का लाभ मिलेगा या नहीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3auDc3Y
No comments