Breaking News

एशिया कप भारत-पाकिस्तान का मुद्दा नहीं, आईपीएल की जगह बनाने के लिए टूर्नामेंट रद्द नहीं होगा: पीसीबी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष एहसान मनी ने कोरोनावायरस के कारण एशिया कप को रद्द करने से मना कर दिया है। यह टूर्नामेंट दुबई में सितंबर में होना है। इसकी मेजबानी पाकिस्तान को मिली है। मनी ने कहा कि एशिया कप भारत-पाकिस्तान का मुद्दा नहीं है। इसे आईपीएल की जगह बनाने के लिए रद्द नहीं किया जाएगा। दरअसल, 29 मार्च से होने वाले आईपीएल को पहले 15 अप्रैल और फिर अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है। सूत्रों की मानें तो बीसीसीआई अब एशिया कप रद्द होने पर सितंबर या फिर नवंबर-दिसंबर के बीच आईपीएल कराने पर विचार कर रही है।

पीसीबी ने मंगलवार को एक पोडकास्ट वीडियो जारी किया था। इसमें एहसान मनी ने कहा, ‘‘मैंने इन सभी अटकलों के बारे में पढ़ा और सुना भी है, लेकिन अभी यह याद रखना होगा कि एशिया कप का होना या नहीं होना, भारत-पाकिस्तान का मुद्दा नहीं है। इस टूर्नामेंट से और भी कई सारे देश जुड़े हुए हैं।’’पहले एशिया कपपाकिस्तान में होने वाला था, लेकिन भारत के ऐतराज के बाद इसे दुबई में शिफ्ट कर दिया गया।

एशिया कप से मिलने वाला फंड जरूरी
मनी ने कहा, ‘‘यदि क्रिकेट फिर से शुरू होता है, तो एशिया कप का होना बहुत जरूरी हो जाता है। क्योंकि, एशियाई क्रिकेट का विकास भी इस टूर्नामेंट से मिलने वाले फंड पर ही निर्भर करता है। यह टूर्नामेंट उन एशियाई देशों के लिए भी बहुत जरूरी है, जो इसके सदस्य हैं। हालांकि, मैं यह पक्के तौर पर नहीं कह सकता कि टूर्नामेंट होगा भी या नहीं। यदि सितंबर तक कोरोना काबू में आता है और स्थिति बदलती है, तो एशिया कप जरूर होगा। इस टूर्नामेंट से मिलने वाला फंड अगले दो साल तक इसके सदस्य देशों के खेल के विकास के लिए काफी जरूरी है।’’

आईसीसी ने पाकिस्तान को 55 से 65 करोड़ रुपए दिए
पीसीबी अध्यक्ष ने कहा कि यदि इस साल अक्टूबर-नवंबर में ऑट्रेलिया में होने वाला टी-20 वर्ल्ड कप नहीं होता है, तो कई सदस्य देशों के लिए बड़ा वित्तीय संकट पैदा हो जाएगा। पाकिस्तान को जनवरी-फरवरी में आईसीसी से 7 से 8 मिलियन डॉलर (55 से 65 करोड़ रुपए) रुपए भी मिले थे। यह बात भी मनी ने मानी है। उन्होंने कहा, ‘‘आईसीसी अगर सदस्य देशों को टूर्नामेंट से उनके हिस्से का भुगतान नहीं करेगा तो कई देशों पर इसका वित्तीय असर पड़ेगा।’’

आईपीएल का दिसंबर से पहले होना मुश्किल
एशिया कप के बाद अक्टूबर 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया में आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप भी खेला जाना है। हालांकि, एशिया कप और वर्ल्ड कप को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। बीसीसीआई इन शेड्यूल को ध्यान में रखकर आईपीएल का कार्यक्रम तैयार कर सकता है। बोर्ड सूत्रों की मानें तो एशिया कप और वर्ल्ड कप होने की स्थिति में आईपीएल की संभावना नवंबर के आखिर से पूरे दिसंबर तक हो सकती है।

एशिया कप में 6 टीमें शामिल होंगी
एशिया कप में कुल 6 टीमें लेंगी। ये हैं- भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश। छठवीं टीम का फैसला क्वॉलिफायर के जरिए होगा। भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी सीरीज 2012-13 में हुई थी। तब पाकिस्तान टीम तीन वनडे मैच खेलने भारत आई थी। भारतीय टीम ने 2007-08 में आखिरी बार पाकिस्तान का दौरा किया था। आईसीसी के टूर्नामेंट्स में दोनों टीमें आमने-सामने होती रही हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर दबाव था कि वो एशिया कप की मेजबानी के लिए न्यूट्रल वेन्यू पर राजी हो जाए।

भारत ने 7 बार खिताब जीता
1984 में पहला एशिया कप संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेला गया था। टूर्नामेंट हर 2 साल में होता है। 2018 का एशिया कप भी यूएई में ही खेला गया था। टीम इंडिया ने अब तक 7, श्रीलंका 5 और पाकिस्तान 2 बार विजेता बना। बांग्लादेश टीम अब तक यह ट्रॉफी नहीं जीत पाई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पीसीबी के अध्यक्ष एहसान मनी ने कहा- पक्के तौर पर नहीं कह सकता कि एशिया कप होगा भी या नहीं। यदि सितंबर तक कोरोना की स्थिति बदलती है, तो टूर्नामेंट जरूर होगा। -फाइल फोटो


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XJ2MPw

No comments