लियोनल मेसी ने रिकॉर्ड 7वीं बार पिचिचि अवॉर्ड जीता, ला लिगा के एक सीजन में सबसे ज्यादा 21 गोल असिस्ट भी किए
बार्सिलोना के लियोनल मेसी ने स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा में 67 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने सबसे ज्यादा 7वीं बार स्पेन का पिचिचि अवॉर्ड अपने नाम किया है। यह सम्मान ला लिगा के एक सीजन में सबसे ज्यादा गोल करने वाले प्लेयर को दिया जाता है। मेसी ने इस सीजन में 33 मैच में 25 गोल किए हैं। दूसरे नंबर पर रियाल मैड्रिड के करीम बेंजिमा ने 21 गोल दागे।
मेसी ने एथलेटिक बिल्बाओ के टेल्मो जारा (6 अवॉर्ड) का रिकॉर्ड तोड़ा है। जारा को छठवीं बार यह सम्मान 1953 में मिला था। उसके बाद से कोई प्लेयर यह रिकॉर्ड नहीं तोड़ सका।
मेसी एक सीजन में सबसे ज्यादा गोल असिस्ट करने वाले प्लेयर बने
अर्जेंटीना के स्ट्राइकर मेसी ला लिगा के एक सीजन में सबसे ज्यादा 21 गोल असिस्ट करने प्लेयर भी बन गए हैं। उन्होंने बार्सिलोना के ही पूर्व कप्तान जावी हर्नांडेज का रिकॉर्ड तोड़ा है। जावी ने 2008-09 सीजन में 20 गोल असिस्ट किए थे।
एल्वेस के खिलाफ मैच में मेसी ने 21वां गोल असिस्ट किया
मेसी ने यह उपलब्धि रविवार को एल्वेस टीम के खिलाफ मैच में हासिल की। उन्होंने इस मैच में 34वें और 75वें मिनट में दो गोल किए। इसकी बदौलत सीजन के अपने इस आखिरी मैच में बार्सिलोना ने एल्वेस को 5-0 से हराया। इसके अलावा एक-एक गोल अंशु फाती ने 24वें, लुइस सुआरेज ने 44वें और नेल्सन सेमेदो ने 57वें मिनट में किया। मैच में अंशु फाती के गोल को मेसी ने ही असिस्ट किया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3eJzchX
No comments