डेबिट और क्रेडिट कार्ड का भी कराएं इंश्योरेंस, कार्ड चोरी या गुम होने पर नहीं होगा आर्थिक नुकसान
आज-कल डिजिटल बैंकिंग के जमाने में ज्यादातर लोगों के पास क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, रीटेल स्टोर कार्ड, लॉयलटी प्रोग्राम कार्ड और आधार कार्ड है।इन्हेलोग अपने पर्स में अपने साथ ही रखते हैं पर सोचिए कि अगर आपका पर्स कहीं गुम जाए या चोरी हो जाए तब आप क्या करेंगे? अलग-अलग बैंकों में फोन करके कार्ड्स को ब्लॉक कराएंगे, नए कार्ड के लिए अप्लाई करेंगे। इस परेशानी से बचने और अपनी जीवनभर की जमापूंजी और पहचान सुरक्षित रखने के लिए कार्ड प्रोटेक्शन प्लान ले सकते हैं। हम आपको कार्ड प्रोटेक्शन प्लान (सीपीपी) के बारे में बता रहे हैं।
क्या है कार्ड प्रोटेक्शन प्लान?
कार्ड प्रोटेक्शन प्लान एक तरह से कार्ड का बीमा है। इसमें क्रेडिड कार्ड और डेबिट कार्ड के साथ-साथ स्टोर, लॉयलटी, आधार, पैन कार्ड सभी शामिल हैं। सभी बैंक अपने ग्राहकों कोे प्रोटेक्शन प्लान की सेवा देते हैं। छोटी वार्षिक प्रीमियम का भुगतान करके इस प्लान को रीन्यू कराना होता है। पर्स खोने के बाद हर कार्ड के लिए अलग-अलग बैंक को फोन नहीं करना पड़ेगा। सिर्फ़ एक नंबर पर ही कॉल करने पर सभी कार्ड एक-साथ ब्लॉक हो जाएंगे। इससे सही समय पर कार्ड ब्लॉक करने में मदद मिलती है।
पर्स खोने पर मिलेगी आर्थिक मदद
यदि कहीं घूमने या सफ़र के दौरान आपका पर्स गुम होता है तो ये प्रोटेक्शन प्लान आपके होटल का खर्च उठाता है। यदि इस स्थिति में टिकट भी खो बैठे हैं तो ये उसके बदले नया टिकट दिलाने में भी मदद करता है। हालांकि ये सेवाएं बैंकों की योजनाओं पर भी निर्भर करती हैं। सीपीपी से अग्रिम नक़द की सहायता भी मिलती है। ये सेवा ख़ासतौर पर तब मददगार है जब आप देश में ही सफ़र कर रहे हों। मदद मिलने के बाद 28 दिन के अंदर आपको ये रकम लौटानी भी होती है।
सुरक्षित रहता है आपका डाटा
इसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्रायविंग लायसेंस, बीमें के कागज़ात आदि का पंजीकरण होता है। सिस्टम में इनकी जानकारी सुरक्षित रखी जाती है जो ज़रूरत पड़ने पर काम आती है। इनके अलावा अगर आपका मोबाइल कहीं खो जाए या चोरी हो जाए तो इस प्लान की मदद से इसकी शिक़ायत कर सकते हैं। बैंक के पास आपके मोबाइल फोन का IMEI भी मौजूद होता है जिसकी मदद से मोबाइल नेटवर्क से मोबाइल का पता लगाया जाता है या सिम ब्लॉक कर दी जाती है।
कितने में मिलेगा ये प्लान?
यह प्लान कार्ड प्रोटेक्शन कंपनी, बैंकों और क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली कंपनियों जैसे एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक सहित अन्य जगहों से लिया जा सकता है। इस प्लान के लिए आपको सालाना 1,600 से लेकर 2,500 रुपए तक चुकाने होंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Zve2Qp
No comments