पंजाब पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर छाया बस एक ही नाम 'बिनोद', जानें कौन है यह
आजकल पंजाब में बस एक ही नाम छाया हुआ है 'बिनोद', जो लोगों को ट्रैफिक रूल सिखाने में पंजाब पुलिस की मदद करता नजर आएगा। इतना ही नहीं, लोगों को कोरोना से बचाने में भी यह सहायक माना जा रहा है। इन दिनों फेसबुक, ट्विटर से लेकर इंस्टाग्राम तक पूरे सोशल मीडिया पर 'बिनोद' की धूम है। इस नाम के हैशटैग बनाकर लोग जोक्स, वीडियो व कई तरह के मीम्स शेयर कर रहे हैं। हजारों कमेंट आ रहे हैं और तरह-तरह की पोस्टें शेयर हो रही हैं। असल में हर कोई बिनोद के बारे में जानना चाह रहा है। कहीं यह पटियाला के कोरोना वारियर हरजीत सिंह (निहंगों के हमले के शिकार एएसआई) का कोई जुड़वां भाई तो नहीं, जो पूरी पंजाब पुलिस इसके नाम का सहारा लेने लग गई है।
दैनिक भास्कर आपको इसके बारे में विस्तार से बता रहा है कि आखिर इतना मददगार साबिद होने वाला यह बिनोद है कौन, और किस तरह से मदद करेगा।
आपको ध्यान होगा, जब 12 अप्रैल को पटियाला में कोरोना कर्फ्यू में ड्यूटी दे रहे पंजाब पुलिस के एएसआई हरजीत सिंह का निहंगों के हमले में कलाई में से हाथ कटकर अलग हो गया था। इसके बाद डीजीपी दिनकर गुप्ता के आदेश पर हरजीत का हौसला बढ़ाने के लिए विभाग के लगभग 80 हजार कर्मचारी अपने सीने पर उसके नाम की स्ट्रिप लगाए नजर आए थे। सोशल मीडिया पर भी हर तरफ एक ही नाम छाया हुआ था 'हरजीत सिंह'। अब इसी तरह एक और नाम 'बिनोद' भी हर किसी की जुबान पर है। यह है कौन, इसके बारे में पंजाब पुलिस के उच्च पदस्थ अधिकारियों की मानें तो बीते दिनों सोशल मीडिया पर ट्रेंड में रहे बिनोद नामक एक शख्स के नाम की स्पैलिंग को एब्रिवेशन में बदला गया है। इसके बाद इस एब्रिवेशन को विभिन्न शहरों की पुलिस के फेसबुक व ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया गया है।
जहां तक इस शब्द के पीछे के सफर की बात है, बताया जाता है कि कुछ दिन पहले बिनोद ठारू नामक एक शख्स यूट्यूब वीडियोज के कमेंट सेक्शन में सिर्फ अपना नाम ही लिखता था। 'स्ले प्वाइंट' नाम से यूट्यूब चैनल चलाने वाले अभ्युदय व गौतमी ने इसे देखा तो उन्होंने एक वीडियो बनाया, जिसमें बताया कि ज्यादातर भारतीय कमेंट बॉक्स में अनाप-शनाप ही लिखते हैं। उन्होंने इसमें बिनोद ठारू का उदाहरण दिया। इस पर लोगों ने बिनोद को हैशटैग बनाकर उसकी खिंचाई शुरू कर दी। इसके बाद लोग धड़ाधड़ इस हैशटैग का इस्तेमाल कर जोक्स व मीम्स शेयर करने लग गए।
इसके बाद इसे पॉजिटिव तरीके से लेते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने ट्वीट किया कि अगर सब 'बिनोद' की तरह व्यवहार करें तो उनके साथ कम फ्रॉड होंगे। बिनोद सोशल मीडिया पर अपना नाम शेयर करता है, अपनी बैंक डिटेल्स नहीं।' पेटीएम ने तो गब्बर नामक एक यूजर के बिनोद नाम रखने की चुनौती देने पर अपने ट्विटर हैंडल का नाम बिनोद कर लिया। मुंबई पुलिस ने भी ऑनलाइन सेफ्टी के बारे में जागरूक करने के लिए बिनोद नाम से ट्वीट करते हुए लिखा 'डियर बिनोद, हमें उम्मीद है कि आपका नाम आपका पासवर्ड नहीं होगा, यह बहुत वायरल हो गया है, इसे बदल लें।' नागपुर सिटी पुलिस ने भी बिनोद नाम से सेफ्टी फर्स्ट हैशटेग से लिखा 'डियर बिनोद, हम जानते हैं कि आप वायरल हो गए हो, लेकिन आपकी सुरक्षा महत्वपूर्ण है, कोरोना आपसे ज्यादा मशहूर है, इसलिए घर पर रहें, सुरक्षित रहें।'
पंजाब पुलिस के लिए इस तरह से काम करेगा 'बिनोद'
B- Buckle up the seat belt before driving (ड्राइविंग से पहले सीट बेल्ट लगाएं)
I- Inform Police About Any Suspicious Activity (किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में पुलिस को सूचना दें)
N- Never Dunk And Drive (कभी शराब पीकर गाड़ी न चलाएं)
O- Obey Kovid Guidelines (Follow Corona Guidelines.) (कोरोना संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें)
D-Dial 112 For Any Police Help (पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर डायल करें)
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gNEw5H
No comments