टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस जीता, पहले बैटिंग का फैसला किया
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच डे-नाइट टेस्ट एडिलेड ओवल में खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया है। कप्तान विराट कोहली ने पहले ही प्लेइंग इलेवन घोषित कर दी है। मयंक अग्रवाल और पृथ्वी शॉ ओपनिंग करेंगे। ईशांत शर्मा की गैर मौजूदगी में उमेश यादव तीसरे फास्ट बॉलर के तौर पर शामिल किया गया।
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन घोषित
टीम में चार स्पेशलिस्ट बॉलर हैं। शमी, बुमराह और उमेश पेस डिपार्टमेंट संभालेंगे। रविचंद्रन अश्विन अंतिम 11 में अकेले स्पिनर हैं। हालांकि, उनका साथ हनुमा विहारी दे सकते हैं। मिडिल ऑर्डर में चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे होंगे। हनुमा विहारी 6 और ऋद्धिमान साहा को 7 नंबर पर बैटिंग कर सकते हैं।
टीम इंडिया की प्लेइंग-11
विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शाॅ, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, अजिंक्य रहाणे, ऋद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह।

ऑस्ट्रेलिया अब तक डे-नाइट टेस्ट नहीं हारी
इंटरनेशनल लेवल पर ऑस्ट्रेलिया को डे-नाइट फॉर्मेट में टेस्ट मैच खेलने का सबसे ज्यादा अनुभव है। उसने 7 पिंक बॉल टेस्ट खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है। इससे उलट भारत के पास सिर्फ 1 डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने का अनुभव है, जो उसने पिछले साल कोलकाता के ईडन गार्डन्स में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। भारत का यह विदेशी जमीन पर पहला डे-नाइट टेस्ट भी होगा।

रिकॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 98 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इसमें भारत ने 28 और ऑस्ट्रेलिया ने 42 मैच जीते हैं। जबकि 27 मैच ड्रॉ और 1 बेनतीजा रहा। वहीं ऑस्ट्रेलिया में दोनों के बीच 48 मैच खेले गए। इसमें से भारत ने सिर्फ 7 और ऑस्ट्रेलिया ने 29 मैचों में जीत हासिल की। 12 मैच ड्रॉ रहे।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37qYEbr
No comments