Breaking News

जमैका की फ्रेजर 100 मीटर में 4 स्वर्ण जीतने वाली पहली रेसर, बोल्ट समेत 3 को पीछे छोड़ा

खेल डेस्क. जमैका की शेली एन फ्रेजर प्राइस ने कतर की राजधानी दोहा में रविवार को महिलाओं की 100 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीत लिया। इस टूर्नामेंट के इतिहास में ये उनका चौथा स्वर्ण है। फ्रेजर प्राइस 100 मीटर रेस में चार बार चैम्पियन बनने वाली दुनिया की पहली रेसर बन गईं। उन्होंने जमैका के उसेन बोल्ट, अमेरिका के कार्ल लुईस और मॉरिस ग्रीन के 3-3 स्वर्ण पदक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। महिलाओं में फ्रेजर प्राइस के बाद सबसे ज्यादा 2 स्वर्ण अमेरिका की मरियन जोन्स के नाम हैं।

फ्रेजर प्राइस ने सीजन का बेस्ट समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 10.71 सेकंड का समय लिया। ब्रिटेन की डाइना एशर-स्मिथ 10.83 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। दो साल पहले लंदन में 100 मीटर और 200 मीटर रेस में रजत पदक जीतने वाली आइवरी कोस्ट की मैरी जोस ता लोउ को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। उन्होंने 10.90 सेकंड में रेस पूरी की।

फ्रेजर प्राइस बच्चे के साथ पोडियम पर आईं
32 साल की फ्रेजर प्राइस 2008 और 2012 ओलिंपिक में स्वर्ण जीती थीं। दोहा में उनके प्रदर्शन के बाद ऐसा माना जा रहा है कि वे अगले साल टोक्यो ओलिंपिक में भी स्वर्ण जीत सकती हैं। रेस जीतने के बाद फ्रेजर प्राइस ने कहा, ‘अपने बच्चे के साथ इस पोडियम पर खड़ा होना सपना पूरा होने के बराबर है। मैं पिछली रात बिल्कुल भी नहीं सो पाई। पिछली बार मैं 2016 में कोई बड़ा टूर्नामेंट जीती थी।’

एलिसन फेलिक्स वर्ल्ड चैम्पियशिप में 12 स्वर्ण जीतने वाली पहली रेसर
दूसरी ओर, अमेरिका की महिला रेसर एलिसन फेलिक्स ने 4x400 मीटर मिक्स्ड रिले में स्वर्ण पदक जीत लिया। फेलिक्स का ये 12वां वर्ल्ड टाइटल है। उन्होंने सबसे ज्यादा टाइटल जीतने के मामले में जमैका उसेन बोल्ड (11 टाइटल) को पीछे छोड़ दिया। फेलिक्स ने पहला स्वर्ण 2005 में अपने नाम किया था। 33 साल की फेलिक्स ने इससे पहले 200 मीटर में तीन, 400 मीटर में एक, 4x100 मीटर रिले में तीन और 4x400 मीटर रिले में चार टाइटल जीते थे।

एलिसन फेलिक्स

फेलिक्स के साथ विल्वर्ट लंदन, कर्टनी ओकोलो और माइकल कैरी रेस में उतरे। चारों ने मिलकर 3 मिनट, 9.04 सेकंड में रेस पूरी कर ली। इस इवेंट का ये वर्ल्ड रिकॉर्ड है। रेस में हिस्सा लेने वाली आठ टीमों में से सात टीम ने पहले और चौथे लेग में पुरुष धावकों को रखा। वहीं, पोलैंड ने पहले दो लेग में पुरुष और आखिरी दो लेग में महिला धावकों को रखा। इस स्पर्धा का रजत जमैका और कांस्य बहरीन ने जीता।

DBApp



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
रेस जीतने के बाद बच्चे के साथ शेली एन फ्रेजर प्राइस।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2nINvi3

No comments