Breaking News

पीएमसी बैंक के ग्राहकों के लिए विड्रॉल की लिमिट बढ़ाकर 10 हजार रुपए की

मुंबई. आरबीआई ने गुरुवार को पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक (पीएमसी) के ग्राहकों के लिए विड्रॉल की लिमिट बढ़ाकर 10 हजार रुपए कर दी। आरबीआई ने मंगलवार को बैंक पर 6 महीने का प्रतिबंध लगाने की जानकारी दी थी। इसके साथ ही कहा कि खाताधारक 1000 रुपए से ज्यादा विड्रॉल नहीं कर सकेंगे। लेकिन, ग्राहकों की सुविधा का ध्यान रखते हुए अब लिमिट बढ़ा दी गई।

उधर ग्राहकों ने पीएमसी के चेयरमैन समेत 14 अधिकारियों के खिलाफ गुरुवार को सायन पुलिस थाने में केस दर्ज करवा दिया। ग्राहकों का आरोप है कि अधिकारियों ने उनकी रकम का दुरुपयोग किया।

देनदारियों के लिए पर्याप्त नकदी मौजूद: पीएमसी

बैंक ने बुधवार को ग्राहकों का डर दूर करने की कोशिश की। ग्राहकों से कहा कि उनका पैसा सुरक्षित है। सभी देनदारियों के लिए बैंक के पास पर्याप्त नकदी मौजूद है। बैंक के निलंबित एमडी जॉय थॉमस ने गुरुवार को भी ये बात दोहराई। उन्होंने कहा कि एचडीआईएल के कर्ज के अलावा बाकी लोन सुरक्षित हैं।

थॉमस ने कहा कि आरबीआई ने एचडीआईएल के खाते की वजह से ही पीएमसी पर प्रतिबंध लगाए। एचडीआईएल पिछले कुछ सालों से कर्ज का भुगतान नहीं कर रही। हालांकि, थॉमस ने ये नहीं बताया कि पीएमसी ने एचडीआईएल को कितना कर्ज दे रखा है। उधर, पीएमसी के कर्मचारियों ने गुरुवार को एचडीआईएल के मालिक के घर के बाहर प्रदर्शन किया।

पीएमसी की 7 राज्यों में 137 शाखाएं
पीएमसी अरबन को-ऑपरेटिव बैंक है। महाराष्ट्र, दिल्ली, कर्नाटक, गोवा, गुजरात, आंध्रप्रदेश और मध्यप्रदेश में इसका कामकाज है। इसकी 137 शाखाएं हैं। यह देश के टॉप-10 को-ऑपरेटिव बैंकों में शामिल है। बैंक की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक 31 मार्च तक कर्मचारियों की संख्या 1,814 थी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
मुंबई में पीएमसी की शाखा के बाहर ग्राहक। (फोटो- 25 सितंबर)


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2nkDJCj

No comments