Breaking News

इंग्लैंड और चेक रिपब्लिक के बीच शुक्रवार को मैच, दंगे के डर से 10 हजार अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात

खेल डेस्क. चेक रिपब्लिक के शहर प्राग में शुक्रवार को इंग्लैंड और चेक रिपब्लिक के बीच यूरो कप-2020 क्वालिफायर होना है। इंग्लैंड की टीम यहां मैच खेलने के लिए पहुंचेगी, साथ ही इंग्लैंड के करीब छह हजार फुटबॉल फैंस मैच देखने के लिए प्राग शहर में आ रहे हैं। इंग्लिश फैंस का इतिहास ऐसा रहा है कि वे टीम के मैच हारने पर खासे नाराज और आक्रामक हो जाते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्राग पुलिस ने शुक्रवार, शनिवार के लिए करीब 10 हजार अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को शहर में बुला लिया है।

शहर में दंगा-निरोधक दस्ता भी तैनात कर दिया गया है। सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दे दिया गया है कि मैच के बाद अगर कोई भी फैन उपद्रव करने की कोशिश करता है तो जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी अपनाई जाए और उसे तुरंत जेल भेजा जाए। क्योंकि अगर एक बार ढील दे दी गई और उपद्रव बढ़ गया तो इंग्लिश फैंस को रोकना आसान नहीं होगा। किसी शहर में फैंस को ध्यान में रखते हुए की गई ये सबसे बड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।

दो हालिया मौके, जब इंग्लिश फैंस ने खराब हरकतें कीं

  • जून-2019: बर्लिन में इंग्लैंड फुटबॉल टीम को नेशंस लीग के मुकाबले में नीदरलैंड के हाथों हार मिली। इंग्लैंड के फैंस ने परे शहर में बवाल कर दिया। 40 को गिरफ्तार किया गया।
  • अगस्त-2019: क्रिकेट की एशेज टेस्ट सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ के सिर पर गेंद लगी। चोटिल स्मिथ मैदान से बाहर जा रहे थे, तब भी इंग्लिश फैंस उनकी हूटिंग कर रहे थे।

इंग्लैंड पुलिस विभाग के 11 बड़े अधिकारी भी प्राग पहुंचे
प्राग पुलिस ने इंग्लैंड के पुलिस विभाग के 11 बड़े अधिकारियों को भी शहर में बुला लिया है, ताकि वे इंग्लिश फैंस के लिए खासतौर पर की गई सुरक्षा व्यवस्था में मदद कर सकें। इंग्लैंड के लोगों की बोली समझना भी प्राग पुलिस के लिए मुश्किल है। इसलिए इंग्लैंड से कुछ लैंग्वेज एक्सपर्ट भी बुलाए गए हैं, जो आम आदमी बनकर फैंस के बीच रहेंगे। ताकि अगर इंग्लिश फैंस आपस में बात करते हुए किसी गलत काम की प्लानिंग करें तो लैंग्वेज एक्सपर्ट उनकी बात समझ सकें।

इंग्लैंड के टीम मैनेजर ने फैंस ने शांति बनाने की अपील की
प्राग पहुंचने से पहले इंग्लैंड के टीम मैनेजर गैरेथ साउथगेट ने भी फैंस से अपील की है कि वे खेल को खेल की तरह लेते हुए अच्छा व्यवहार करें। हालांकि प्राग पुलिस के अधिकारी जैकब शोर का कहना है कि ये व्यवस्था विवाद रोकने के लिए नहीं, फैंस को सहूलियत देने के लिए है। आने वाले आधे से ज्यादा फैंस ऐसे हैं, जो पहली बार प्राग आ रहे हैं। उनके लिए जगह-जगह इंफॉर्मेशन सेंटर बनाए गए हैं। प्राग में ज्यादातर फैंस यहां घूमना भी चाहेंगे। कई फैंस मैच वाले दिन ही वापस ना जाकर वीकेंड तक रुकने का प्लान कर चुके हैं। इन के लिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हमें अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी है।

DBApp



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जून 2016 में रूस के खिलाफ मैच के दौरान इंग्लैंड टीम के फैंस ने शहर में दंगा और तोड़फोड़ को अंजाम दिया था।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30Vtvqk

No comments