ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर टीयर 2 और 3 शहरों में 30 से 50% तक बिक्री बढ़ने की संभावना
यूटिलिटी डेस्क. मौजूदा त्योहारी सीजन में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के कारोबार में पिछले वर्ष की तुलना में दो गुना बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई गई है। इसमें सबसे बड़ी भूमिका छोटे शहरों की सामने आ रही है। यहां महज एक साल में ऑनलाइन सेल दोगुनी से भी ज्यादा हो गई है। ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक प्लेटफॉर्म शिपरॉकेट ने त्योहारी सीजन 2019 पर अपनी रिपोर्ट जारी की है जिसमें कहा गया है कि 2018 की तुलना में 2019 के इस सीजन के दौरान मझौले तथा छोटे शहरों से अधिक ऑर्डर आ रहे हैं। मझौले शहरों के लिए शिपमेंट में पहले की तुलना 10 फीसदी की वृद्धि हुई है। सौंदर्य तथा स्वास्थ्य उत्पाद और कपड़ों के बाजार में सबसे ज्यादा वृद्धि का अनुमान जताया गया है।
इन श्रेणियों में शत-प्रतिशत से अधिक वृद्धि की उम्मीद के साथ ई-मार्केटप्लेस के विक्रेताओं की बिक्री औसतन 30 से 50 प्रतिशत तक बढ़ने की संभावना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अलग-अलग शहरों में ऑनलाइन खरीद को गति देने के कारक भी अलग हैं। स्वास्थ्य और सौंदर्य से जुड़े उत्पाद बड़े शहरों में अधिक बिक रहे हैं, तो मझोले और छोटे शहरों में स्मार्ट फोन और घरेलू उपकरणों की बिक्री ज्यादा है।
-
शिपरॉकेट के सह संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी साहिल गोयल ने कहा कि अब मझौले और छोटे शहरों के लोग डिजिटल खरीदारी में शामिल हो रहे हैं। स्नैपडील का कहना है कि 2019 की पहली दिवाली सेल में रिकॉर्ड संख्या में ऑर्डर्स मिले। कंपनी के मुताबिक के अनुसार देश भर में छोटे शहरों से मिलने वाले ऑर्डर्स की संख्या बढ़ी है। हालांकि नागपुर, सूरत, विजयवाड़ा, चण्डीगढ़, पणजी, जमशेदपुर, शिमला और गुवाहाटी जैसे शहर भारत के नए ई-काॅमर्स हाॅटस्पाॅट्स के रूप में उभरे हैं, पिछले साल की तुलना में इन शहरों से मिलने वाले ऑर्डर्स की संख्या चार गुना बढ़ गई है।
-
प्रमुख ऑनलाइन ईकॉमर्स कंपनियों की अगुवाई में उद्योग ने इस साल बिक्री के मामले में अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इन कंपनियों ने 29 सितंबर से लेकर चार अक्टूबर के बीच महज छह दिनों में करीब 19,000 करोड़ की कुल बिक्री की है। बेंगलुरू की रिसर्च कंपनी रेडसीयर कंसल्टेंसी ने बताया कि इन छह दिनों की बिक्री में दो सबसे बड़ी कंपनियों की हिस्सेदारी 90 फीसदी रही। इस सीजन में उनकी ऑनलाइन बिक्री 39,000 करोड़ रुपए तक जा सकती है। यही नहीं एक कंपनी ने दावा किया कि सेल के दौरान उसने देश के 99.4 फीसदी पिनकोड पर सामान की डिलीवरी की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ovcu9m
No comments