आज पुष्य नक्षत्र के साथ तिथि, वार और ग्रहों का विशेष संयोग; खरीदारी के लिए 4 मुहूर्त
जीवन मंत्र डेस्क. इस बार पुष्य नक्षत्र का शुभ संयोग मंगलवार 22 अक्टूबर को बन रहा है। पुष्य नक्षत्र का स्वामी शनि और देवता बृहस्पति है। पुष्य नक्षत्र में खरीदारी, लेन-देन, निवेश और अन्य महत्वपूर्ण काम करना शुभ माना जाता है। शनि के प्रभाव से इस दिन खरीदी गई वस्तु लंबे समय तक टिकती है। वहीं, बृहस्पति के प्रभाव से इस दिन किया गया आर्थिक कार्य समृद्धि देने वाला और कल्याणकारी होता है। मंगलवार और पुष्य नक्षत्र का संयोग हर अच्छे काम की वृद्धि करने वाला होता है। ज्योतिषाचार्य पंडित प्रफुल्ल भट्ट के अनुसार, इस साल पुष्य नक्षत्र के साथ तीन ग्रह विशेष स्थिति में हैं। इसके कारण चार बड़े योग बन रहे हैं। इनमें की गई खरीदारी बहुत शुभ रहेगी।
- पुष्य नक्षत्र कब से कब तक
पंडित भट्ट के अनुसार, 21 अक्टूबर को शाम करीब 5:40 पर पुनर्वसु नक्षत्र समाप्त होकर पुष्य नक्षत्र शुरू हो गया। 22 अक्टूबर पुष्य नक्षत्र में सूर्योदय होने से इस दिन खरीदारी और अन्य शुभ कामों का महत्व ज्यादा रहेगा। 22 अक्टूबर को सूर्योदय से शाम करीब 5 तक पुष्य नक्षत्र के संयोग में खरीदी की जा सकेगी। इसके बाद सर्वार्थसिद्धि योग बनने से रात में भी खरीदारी का मुहूर्त बना रहेगा।
- तिथि, वार, नक्षत्र और ग्रहों की विशेष स्थिति
मंगलवार को पुष्य नक्षत्र होने से वर्धमान नाम का शुभ योग बन रहा है। इसके साथ ही सूर्य-चंद्रमा साध्य योग भी बना रहे हैं। इस दिन शाम को सर्वार्थसिद्धि योग बनेगा, जो अगले दिन सूर्योदय तक रहेगा। चंद्रमा पर बृहस्पति की दृष्टि पड़ने से गजकेसरी राजयोग भी बन रहा है। इस तरह तिथि, वार, नक्षत्र और ग्रहों की विशेष स्थिति के कारण दिनभर में चार शुभ योग बनेंगे।
- पुष्य नक्षत्र में खरीदारी के मुहूर्त
सुबह 9:25 से 10:40 तक
दोपहर 1:35 से शाम 07:20 तक
गुरु प्रधान मीन लग्न शाम 4:10 से 5 बजे तक रहेगा। खरीदारी के लिए स्थिर वृष लग्न शाम 7:10 से रात 8:40 तक रहेगा। शुभ लग्न में खरीदी गई वस्तु स्थिर और लंबे समय तक फायदा देने वाली होती है।
- क्या खरीदना शुभ
पुष्य नक्षत्र के शुभ योग में प्रॉपर्टी, वाहन, अग्नि, शक्ति-ऊर्जा बढ़ाने वाली चीजों की खरीदारी करनी चाहिए। इस दिन सोना, चांदी, तांबा जैसी धातुओं की खरीदारी करने से सुख-समृद्धि औरवैभव में वृद्धि होगी। जमीन, मकान में निवेश करना बहुत लाभदायी साबित होगा। वाहन, फर्नीचर, ज्वेलरी व अन्य घरेलू सामान की खरीदारी करना भी अति शुभ फलदायी होगा। इस दिन परिवार के पोषण में सहायक चीजों की खरीदारी भी की जा सकती है।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31z7YnD
No comments