इमाद, वहाब और हारिस सोहेल से सख्त नाराज मिस्बाह; इन तीनों की बोर्ड से शिकायत की
लाहौर. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच और चीफ सिलेक्टर मिस्बाह उल हक तीन खिलाड़ियों के रवैये से सख्त खफा हैं। मिस्बाह ने इमाद वसीम, वहाब रियाज और हारिस सोहेल के ट्रेनिंग के दौरान गैर जिम्मेदाराना रवैये के शिकायत पीसीबी से लिखित में की है। इसमें कहा गया है कि टीम के लिए जो ट्रेनिंग प्लान बनाया गया है, उसका ये तीनों ही खिलाड़ी पालन नहीं करते। इसका नकारात्मक असर बाकी प्लेयर्स पर पड़ता है। मिस्बाह को पिछले महीने ही हेड कोच और चीफ सिलेक्टर की दोहरी जिम्मेदारी दी गई है। शुक्रवार को कप्तान सरफराज अहमद को भी हटा दिया गया था।
सरफराज से भी नाराज मिस्बाह
‘जियो न्यूज’ चैनल के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट टीम में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। मिस्बाह ने हेड कोच और चीफ सिलेक्टर का पद संभालने के बाद एक ट्रेनिंग प्लान तैयार किया। यह काफी सख्त था। इसमें खिलाड़ियों को डाइट प्लान भी दिया गया था। इसका मकसद फिटनेस लेवल सुधारना था। लेकिन, सरफराज के साथ ही इमाद, वहाब और हारिस ने इसका पालन नहीं किया। इन तीनों ने मिस्बाह के आदेश का भी पालन नहीं किया। सरफराज की कप्तानी और टीम में जगह अब नहीं रही। लेकिन, बाकी तीनों खिलाड़ियों की शिकायत मिस्बाह ने बोर्ड से लिखित में की है।
सख्ती से नाखुश प्लेयर्स
एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, मिस्बाह और टीम के कई खिलाड़ियों के बीच संबंध अच्छे नहीं हैं। इनमें से ज्यादातर प्लेयर्स वो हैं जो मिस्बाह के साथ खेल चुके हैं। सीनियर प्लेयर्स ट्रेनिंग को लेकर मिस्बाह के सख्त रवैये से नाखुश हैं। आमिर सोहेल जैसे कुछ पूर्व प्लेयर्स बयान देकर इन प्लेयर्स का हौसला बढ़ा रहे हैं। बताया जाता है कि मिस्बाह को कोच और चीफ सिलेक्टर बनाने की पहल प्रधानमंत्री इमरान खान ने की थी। इसकी वजह वर्ल्ड कप में टीम का खराब प्रदर्शन था। अब श्रीलंका से घरेलू सीरीज में हार के बाद मिस्बाह पर भी सवाल उठने लगे हैं। सरफराज को तो कप्तानी से हटा ही दिया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33Nm32n
No comments