सरफराज ने पीसीबी से कहा- कप्तानी से इस्तीफा नहीं दूंगा, चाहो तो बर्खास्त कर दो
कराची. पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर हाईवोल्टेज ड्रामा सामने आया है। तीर्नों फॉर्मेट में कप्तानी कर रहे सरफराज अहमद को हटा दिया गया है। बाबर आजम को टी20 और अजहर अली को टेस्ट की कप्तानी सौंपी गई है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सरफराज ने कप्तानी छोड़ने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी चाहे तो उन्हें बर्खास्त कर सकता है। इसके बाद ही उनसे कप्तानी छीन ली गई। सरफराज के हेड कोच और चीफ सिलेक्टर मिस्बाह उल हक से भी संबंध तनावपूर्ण बताए गए हैं।
पीसीबी के सीईओ ने लिया फैसला
मामले की शुरुआत शुक्रवार को हुई। बोर्ड के सीईओ वसीम खान लंदन से कराची पहुंचे। यहां उन्होंने पहले पीसीबी चेयरमैन एहसान मनी से बातचीत की। इसके बाद वसीम ने सरफराज को बुलाया। सरफराज से कहा गया कि वो तीनों फॉर्मेट में कप्तानी से इस्तीफे का ऐलान करें। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कप्तानी छोड़ने से इनकार कर दिया। न्यूज एजेंसी ने पीसीबी सूत्रों के हवाले से बताया- सरफराज ने वसीम से कहा कि वो खुद कप्तानी नहीं छोड़ेंगे। बोर्ड चाहे तो उन्हें बर्खास्त कर सकता है। वो दो साल से कप्तान हैं।
टीम का वापसी का भरोसा दिलाया
रिपोर्ट के मुताबिक, एहसान मनी ने सरफराज से कहा कि वो अगर फॉर्म हासिल कर लेते हैं तो उनकी टीम में वापसी हो सकती है। दूसरी तरफ, मिस्बाह चाहते हैं कि सरफराज विकेटकीपर और बल्लेबाज के तौर पर बिल्कुल फ्लॉप रहे हैं। उनकी जगह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को मौका दिया जाना चाहिए। एहसान ने एक बयान में कहा- सरफराज को हटाने का फैसला आसान नहीं था। लेकिन, पाकिस्तान क्रिकेट के भविष्य को देखते हुए ये जरूरी था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2P1vmaQ
No comments