जोंटी रोड्स ने हरे रंग की जर्सी पहन फोटो शेयर की, हरभजन ने पूछा- आखिरी टेस्ट खेल सकते हो क्या?
खेल डेस्क. दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स इन दिनों भारत में हैं। हाल ही में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपना एक फोटो शेयर किया, जिसमें वे दक्षिण अफ्रीकी टीम जैरीजर्सी में दिखाई दिए। इसफोटो के साथ लिखे कैप्शन में उन्होंने बताया कि वो मुंबई के मेहबूब स्टूडियो में थे, जहां वो एक शूटिंग के सिलसिले में पहुंचे थे। इसी फोटो पर कमेंट करते हुए पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने उनके मजे ले लिए। भज्जी ने भारत के साथ चल रही टेस्ट सीरीज में अफ्रीकी टीम के प्रदर्शन पर चुटकी लेते हुए रोड्स से सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच खेलने के बारे में पूछा।
जोंटी रोड्स ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उस फोटो को शेयर करते हुए लिखा, 'ग्रीन और गोल्ड जर्सी में वापस आकर अच्छा लग रहा है, फिर भले ही ये सिर्फ मुंबई के मशहूर #मेहबूब स्टूडियो में शूट के लिए है #stillflying'
हरभजन ने कहा- अफ्रीका को बल्लेबाजी की जरूरत है
रोड्स की इस पोस्ट पर चुटकी लेते हुए हरभजन सिंह ने लिखा, 'क्या आप रांची में होने वाला आखिरी टेस्ट मैच खेल सकते हो जोंटी, दक्षिण अफ्रीका को थोड़ी बल्लेबाजी की जरूरत है।'
रोड्स ने भी दिया मजेदार जवाब
हरभजन की मैच खेलने की मजाकिया सलाह पर रोड्स ने भी मजेदार जवाब दिया, उन्होंने लिखा, 'हरभजन उन्हें मुझसे ज्यादा मेरी जरूरत है।'
सीरीज हार चुकी है अफ्रीकी टीम
भारत दौरे पर आई दक्षिण अफ्रीकी टीम तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के शुरुआती दोनों मैच हारकर सीरीज गंवा चुकी है। विशाखापट्टनम में हुए पहले टेस्ट में वो 203 रन से हारी थी, वहीं पुणे में हुआ दूसरा टेस्ट उसने पारी और137 रन से गंवा दिया था। इसी वजह से भज्जी ने रोड्स से सीरीज का तीसरा टेस्ट खेलने के बारे में पूछा, जो कि रांची में 19 अक्टूबर से खेला जाएगा। रोड्स आईपीएल टीम मुंबई इंडियन्स के फील्डिंग कोच भी रह चुके हैं, इसी दौरान उनकी दोस्ती टीम के पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह से हुई थी।
रोड्स का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटकरियर
दुनिया के सर्वकालिक महान फील्डर्स माने जाने वाले जोंटी रोड्स ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए 52 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 35.66 की औसत से 2532 रन बनाए और 34 कैच भी पकड़े। वनडे करियर में उन्होंने 245 मैचों में 35.11 की औसत से 5935 रन बनाए साथ ही 105 कैच भी पकड़े। उन्होंने साल 2000 में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था, वहीं 2003 विश्व कप के दौरान लगी चोट के बाद वनडे से भी संन्यास ले लिया। रोड्स भारत में रहना काफी पसंद करते हैं। उन्होंने अपनी बेटी का नाम भी 'इंडिया' रखा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2nREzam
No comments