मैन ऑफ द सीरीज रोहित ने कहा- विराट और शास्त्री का शुक्रिया; उन्होंने टेस्ट में ओपनिंग का मौका दिया
रांची. रोहित शर्मा ने बतौर टेस्ट ओपनर मौका देने के लिए कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री का शुक्रिया अदा किया। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में रोहित को ‘मैन ऑफ सीरीज’ से नवाजा गया। उन्होंने इस सीरीज में कुल 529 रन बनाए। इनमें तीन शतक शामिल हैं। इसमें एक दोहरा शतक भी है। रोहित ने तीसरे और अंतिम टेस्ट के बाद कहा- मैं विराट और शास्त्री का शुक्रगुजार हूं। उन्होंने मेरी काबिलियत पर भरोसा जताया। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को टेस्ट सीरीज में मेहमान टीम को 3-0 से हराया।
रांची में दोहरा शतक
रांची में खेले गए तीसरे टेस्ट की पहली पारी में रोहित ने दोहरा शतक लगाया। विशाखापट्टनम के पहले टेस्ट में उन्होंने 176 और 127 रन की पारियां खेलीं थीं। इस शानदार प्रदर्शन की वजह से उन्हें मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। यहां उन्होंने कहा, “हेड कोच रवि शास्त्री और कप्तान विराट कोहली ने मेरी मदद की। बतौर टेस्ट ओपनर मेरी काबिलियत पर भरोसा जताने के लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूं।” कोहली पर रोहित का बयान अहम है। दरअसल, पिछले दिनों मीडिया के कुछ हिस्सों में इस तरह की खबरें आईं थीं कि विराट और रोहित के बीच मनमुटाव है। कोच रवि शास्त्री ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया था।
ओपनिंग के लिए ज्यादा अनुशासन चाहिए
एक सवाल के जवाब में रोहित ने कहा, “फॉर्मेट कोई भी हो, बतौर ओपनर आपको ज्यादा अनुशासित रहना पड़ता है। 2013 में मैंने वनडे में ओपनिंग शुरू की थी। उसी वक्त मैंने यह अनुशासन का मंत्र आत्मसात कर लिया। मेरी सफलता में इसका बड़ा योगदान है।” रोहित ने कहा कि अगर वो शुरुआती एक घंटा निकाल लेते हैं तो फिर वो अपनी ही गलती की वजह से आउट हो सकते हैं। इस ओपनर के मुताबिक, “नई गेंद का सामना करना बिल्कुल आसान नहीं होता। एक बार आप जब यह वक्त निकाल लेते हैं तो अपने हिसाब से खेल सकते हैं। मैं खुद से यही कहता हूं कि नई गेंद का सामना समझदारी और संयम से किया जाए। इससे मुझे और टीम दोनों को फायदा होता है।”
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2P9zwxo
No comments