Breaking News

शोएब अख्तर ने कहा- सौरव गांगुली मुझसे कभी नहीं डरे; बीसीसीआई अब बिल्कुल सही शख्स के हाथों में

खेल डेस्क. शोएब अख्तर ने सौरव गांगुली को बीसीसीआई का नया अध्यक्ष बनाए जाने का स्वागत किया। पाकिस्तान के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा- इस पद के लिए सौरव बिल्कुल सही शख्स है। भारतीय क्रिकेट को वो नई ऊंचाईयों पर ले जाएगा। पूर्व विकेटकीपर राशिद लतीफ के साथ एक यूट्यूब वीडियो में चर्चा के दौरान शोएब ने यह बातें कहीं। अख्तर ने कहा- लोग कहते हैं कि सौरव मेरे सामने बल्लेबाजी करने से डरता था। ये सही नहीं है। वो मुझसे कभी नहीं डरा। अगर ऐसा होता तो वो ओपनिंग नहीं करता। सौरव के बतौर बीसीसीआई अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा 23 अक्टूबर को की जाएगी।

सौरव ने टीम इंडिया को जीतना सिखाया
रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब ने गांगुली की दिल खोलकर तारीफ की। कहा, “साल 2000 तक टीम इंडिया दबकर खेलती थी। सौरव ने इस टीम को लड़कर जीतना सिखाया। वो युवराज, हरभजन, जहीर और नेहरा जैसे प्लेयर्स को लाया। सही मायनों में वो तेज गेंदबाजों का कप्तान था। अगर वो मेरा कप्तान होता तो टेस्ट क्रिकेट में मेरे 500 विकेट होते। बल्लेबाजी के दौरान मैंने उसे कई बार हिट किया। इसलिए कुछ लोग कहते थे कि वो मुझसे डरता था। ये सही नहीं है। अगर दादा डरता होता तो मेरे सामने ओपनिंग करने नहीं आता।”

दिलचस्प वाकये का जिक्र
शोएब आईपीएल के शुरुआती संस्करणों में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके हैं। तब कप्तान गांगुली थे। शोएब ने कहा, “पीसीबी ने मुझ पर बैन लगाया था। गांगुली ने मेरे खेलने का इंतजाम किया। भारत पहुंचा तो केकेआर के ऑस्ट्रेलियन कोच ने मुझे अनफिट बताते हुए 11 में शामिल करने से इनकार कर दिया। दादा भी अड़ गया। उसने कहा- शोएब 50 फीसदी भी फिट होगा तो मैं उसे खिलाउंगा। यही हुआ भी। हमारी टीम 132 पर आउट हो गई। मैंने विपक्षी टीम के शुरुआती 4 विकेट लिए। हम मैच जीत गए।”

अब आईसीसी चीफ बनें
इसी शो में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ ने भी सौरव की तारीफ की। उन्होंने कहा, “दादा, के पास जो नेतृत्व क्षमता है। उसका भारतीय क्रिकेट को बहुत फायदा होने वाला है। वो कप्तान रहा, बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन का चीफ रहा, अब बीसीसीआई संभालेगा। लेकिन, मैं चाहता हूं कि भारत का आईसीसी में जो रुतबा है, उसके हिसाब से सौरव को आईसीसी प्रेसिडेंट बनना चाहिए।” हालांकि, राशिद की इस बात से शोएब इत्तेफाक नहीं रखते। उन्होंने कहा- दादा, बीसीसीआई छोड़कर आईसीसी कभी नहीं जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सौरव गांगुली के साथ एक आईपीएल मैच के बाद शोएब अख्तर। (फाइल फोटो)


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33wcNPW

No comments