अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एंडी मोल्स को नया डायरेक्टर और मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया
खेल डेस्क. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को एंडी मोल्स को अपना डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और मुख्य चयनकर्ता नियुक्त कर दिया। वे हाल ही में अफगान टीम के साथ बतौर अंतरिम हेड कोच बांग्लादेश टूर पर गए थे। 58 साल के मोल्स इंग्लैंड के हैं और लेवल-4 प्रशिक्षित कोच हैं। इस बात की जानकारी एसीबी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर दी।
एसीबी ने अपने ट्वीट में लिखा, 'एंडी मोल्स को डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया गया है। श्रीमान मोल्स हाल ही में खत्म हुए बांग्लादेश टूर के दौरान अफगानिस्तान टीम के अंतरिम हेड कोच रह चुके हैं। उनके पास इस खेल का 25 साल से ज्यादा का लंबा अनुभव है, साथ ही वे लेवल-4 के कोच भी हैं।'
मोल्स को क्रिकेट का लंबा अनुभव
अफगान टीम के नए डायरेक्टर इंग्लैंड के रहने वाले हैं, जिन्हें 230 प्रथम श्रेणी और 185 लिस्ट-ए मैचों का अनुभव है। बतौर क्रिकेटर अपने 11 साल लंबे करियर में वे मुख्य तौर पर बल्लेबाज और पार्ट टाइम गेंदबाज थे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 15,305 रन बनाए, वहीं लिस्ट-ए फॉर्मेट में 4733 रन बनाए। इन दोनों फॉर्मेट में उनके नाम पर कुल 52 विकेट हैं।
क्लूजनर बने टीम के नए हेड कोच
इससे पहले 27 सितंबर को अफगान बोर्ड ने पूर्व दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर लांस क्लूजनर को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया था। क्लूजनर भी लेवल-4 सर्टिफाइड कोच हैं, जिन्हें क्रिकेट कोचिंग का लंबा अनुभव रहा है। वे जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका की टीम के बैटिंग कोच रह चुके हैं, इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका की घरेलू टीम डॉल्फिन्स के हेड कोच, दक्षिण अफ्रीका नेशनल एकेडमी में कंसल्टेंट और आईपीएल टीम मुंबई इंडियन्स के गेंदबाजी कोच भी रह चुके हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2AI7pg8
No comments