Breaking News

लोडिंग वाहन चलाने पर मजबूर पाकिस्तानी क्रिकेटर, मो. हफीज ने नए सिस्टम को जिम्मेदार बताया

खेल डेस्क. पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद हफीज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपने देश में क्रिकेटरों की बदहाली को लेकर दुख जताया है। उन्होंने जो वीडियो शेयर किया वो घरेलू क्रिकेट खेल चुके फजल सुभान का है। जो अब लोडिंग वाहन चलाते हुए अपने परिवार का गुजारा चला रहा है। सुभान ने 40 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। इस वीडियो को पहले वहां के एक जर्नलिस्ट ने शेयर किया था, जिसके बाद वो वायरल हो गया और उसी वीडियो को हफीज ने शेयर कर दिया। अपने ट्वीट में हफीज ने क्रिकेटरों की तंगहाली के लिए पीसीबी के नए क्रिकेट मॉडल को जिम्मेदार बताया।

अपने ट्वीट में हफीज ने लिखा, 'सचमुच बहुत दुख की बात है, इनके जैसे अन्य कई पीड़ित भी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। नया सिस्टम सिर्फ 200 खिलाड़ियों की देखभाल करेगा, लेकिन नए मॉडल की वजह से कई हजार क्रिकेटर्स और मैनेजमेंट स्टाफ बेरोजगार हो गए हैं। मैं नहीं जानता क्रिकेट बिरादरी में आए इस बेरोजगारी की जिम्मेदारी कौन लेगा' आगे उन्होंने दुआ की इमोजी बनाते हुए लिखा, 'सभी पीड़ितों के लिए दुआ करिए।'

30-35 हजार में गुजारा करना मुश्किल

वीडियो में शोएब नाम के जर्नलिस्ट से बात करते हुए फजल सुभान कहते हैं, 'पाकिस्तान की ओर से खेलने के लिए हम काफी मेहनत की है, मुझे पहले लाख रुपए की सैलरी मिलती थी लेकिन बदकिस्मती से वो डिपार्टमेंट बंद हो गए। मुश्किल हालात चल रहे हैं और 30-35 हजार रु में गुजारा नहीं हो पा रहा है। आज तो ये चला रहे हैं, हो सकता है कल ये भी ना हो। हम तो मजबूर हैं, बच्चों के लिए कुछ ना कुछ तो करना पड़ेगा।'

कभी-कभी कई दिन तक कमाई नहीं होती

आगे सुभान ने कहा, 'हम लोग भाड़े पर गाड़ी चलाते हैं। कभी बिजनेस होता है, कभी नहीं होता। कभी ऐसा होता है कि ज्यादा होता है, कभी दस-दस दिन तक काम नहीं होता। मैं पाकिस्तान के लिए अंडर-19 खेला हूं, पाकिस्तान-ए खेला हूं। 40 से ज्यादा फर्स्ट क्लास मैच खेला हूं। दो साल तक मैं टॉप 5 में रहा। अंडर-19 के लिए मैंने लाहौर में भारत के खिलाफ दो सीरीज खेली थी।'
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'मेरे अलावा सैकड़ों क्रिकेटर्स ऐसे हैं, जिनमें से कुछ बाइक चला रहे हैं, कुछ पिकअप चला रहे हैं और कुछ कंपनियों में धक्के खा रहे हैं। मजबूरी है उनकी घर के लिए कुछ करना पड़ेगा। इनमें फराज अहमद खान और वकास जैसे कई क्रिकेटर्स भी शामिल हैं।'

##

सुभान का क्रिकेट करियर

31 साल के सुभान ने 40 प्रथम श्रेणी मैचों में 32.87 की औसत से कुल 2301 रन बनाए हैं। इसके अलावा 29 लिस्ट-ए मैचों में 659 रन बनाए हैं। उन्होंने अपना आखिरी घरेलू मैच सितंबर 2018 में खेला था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पाकिस्तान के लिए घरेलू क्रिकेट खेल चुके फजल सुभान।
फजल सुभान (लाल घेरे में)


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32hAlYC

No comments