भारत के खिलाफ पहले टी-20 में बांग्लादेश के दो खिलाड़ियों ने मैदान पर उल्टी की थी: रिपोर्ट
खेल डेस्क. दिल्ली में 3 नवंबर को भारत के खिलाफ खेले गए पहले टी-20 के दौरान बांग्लादेश के सौम्य सरकार और एक अन्य खिलाड़ी ने मैदान पर उल्टी की थी। क्रिकेट वेबसाइट ईएसपीएन क्रिकइंफो ने अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है। इसके मुताबिक, बांग्लादेश जिस समय लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तब यह घटना हुई। मैच के दौरान दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 912 के आपातकालीन स्तर पर था।
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में बांग्लादेश ने पहली बार भारत को टी-20 में हराया था। मैच में भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 148 रन बनाए थे, जबकि बांग्लादेश ने 19.3 ओवर में 154 रन बनाते हुए मैच 7 विकेट से जीत लिया था। बांग्लादेश के लिए विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम ने 60 और सौम्य सरकार ने 39 रन की पारी खेली थी।
दिल्ली में वायु प्रदूषण के कारण हेल्थ इमरजेंसी लागू थी
टी-20 के बाद बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने वायु प्रदूषण की आपातकालीन स्थिति के बीच मैच खेलने और शानदार प्रदर्शन करने के लिए दोनों टीमों को धन्यवाद दिया था। सुप्रीम कोर्ट के पैनल ने 1 से 5 नवंबर तक दिल्ली में पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित की थी। इसके बावजूद लगभग 46 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम हाउसफुल रहा था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2raEe3N

No comments