चेल्सी ने 3 गोल से पिछड़ने के बाद अजाक्स से मैच ड्रॉ कराया, लिवरपूल और बोरूसिया ने जीत दर्ज की
खेल डेस्क. चैम्पियंस लीग में मंगलवार को इंग्लैंड के क्लब चेल्सी ने नीदरलैंड के क्लब अजाक्स के खिलाफ 4 गोल से पिछड़ने के बाद मैच ड्रॉ करा दिया। ग्रुप-एच के इस मुकाबले में दोनों टीमों ने मैच में 4-4 गोल किए। वहीं, ग्रुप-ई में डिफेंडिंग चैम्पियन लिवरपूल ने बेल्जियम के क्लब गेन्क को 2-1 से हरा दिया। दूसरी ओर, ग्रुप-एफ में जर्मनी के क्लब बोरुसिया डॉर्टमंड ने इटली के क्लब इंटर मिलान को 3-2 से शिकस्त दी। इसी ग्रुप में स्पेन के क्लब बार्सिलोना की टीम को चेक गणराज्य के क्लब स्लाविया पराहा के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ खेलना पड़ा।
अजाक्स-चेल्सी मैच में दूसरे मिनट में ही पहला गोल हुआ। चेल्सी के टैमी अब्राहम ने दूसरे मिनट में आत्मघाती गोल कर दिया। इससे अजाक्स की टीम 1-0 से आगे हो गई। हालांकि, चौथे मिनट में चेल्सी के लिए जोर्गिन्हो ने पेनल्टी पर गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद अजाक्स ने लगातार तीन गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया। अजाक्स के लिए क्विंसी प्रोमेस ने 20वें, डॉनी वान डी बीक ने 55वें मिनट में गोल किया। चेल्सी के गोलकीपर केपा अरीजाबालागा ने 35वें मिनट में आत्मघाती गोल किया।
जोर्गिन्हो ने 71वें मिनट में पेनल्टी पर मैच में अपना दूसरा गोल किया
मैच में 1-4 से पिछड़ने के बाद चेल्सी ने जबरदस्त वापसी की। उसके लिए सीजरल अजपिलिकुएता ने 63वें मिनट में दूसरा गोल किया। जोर्गिन्हो ने 71वें मिनट में पेनल्टी से मैच में अपना दूसरा गोल किया। 74वें मिनट में रीस जेम्स ने टीम के लिए चौथा गोल कर मैच को 4-4 से बराबर कर दिया।

अजाक्स के दो खिलाड़ियों को रेड कार्ड मिला
अजाक्स के डेली ब्लाइंड को 68वें और जोएल वेल्टमैन को 69वें मिनट में रेड कार्ड दिखाया गया। दोनों को मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा। 69वें मिनट के बाद से अजाक्स की टीम नौ खिलाड़ियों के साथ ही खेली। ग्रुप-एच में चेल्सी, अजाक्स और वेलेंसिया के 7-7 अंक हैं। बेहतर गोल औसत के कारण चेल्सी पहले, अजाक्स दूसरे और वेलेंसिया तीसरे स्थान पर है। चौथे स्थान पर लिले की टीम है। उसके एक अंक है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36Ckq9R
No comments