सारा अली खान बोलीं- लोग स्टार किड्स की एक गलती का इंतजार करते हैं, ताकि उन्हें नीचा दिखा सकें
बॉलीवुड डेस्क. 2018 में फिल्म 'केदारनाथ' से बॉलीवुड डेब्यू कर चुकीं सारा अली खान का कहना है कि लोग स्टारकिड्स की एक गलती का इंतजार करते हैं, ताकि उन्हें नीचा दिखा सकें। उन्होंने यह बयान हाल ही में बेंगलुरु में हुई 'वी द वीमेन समिट' में टीवी जर्नलिस्ट बरखा दत्त से बातचीत के दौरान दिया। वे स्टारकिड होने के फायदे और नुकसान पर बात कर रही थीं।
विरासत के दबाव में यकीन नहीं
सारा ने शर्मिला टैगोर की पोती और सैफ अली खान-अमृता सिंह की बेटी होने के विशेषाधिकार पर बात की। उन्होंने कहा कि वे विरासत के दबाव में विश्वास नहीं रखतीं। बकौल सारा, "किसी तरह के विशेषाधिकार में एक तरह की बाधा होती है। आपको कई लोग परख रहे होते हैं। कई आंखें आपको देख रही होती हैं।"
स्टार चिल्ड्रेन शब्द से नफरत
सारा आगे कहती हैं, "मैं इस बात से इनकार नहीं करूंगी कि स्टार चिल्ड्रेन (जिस शब्द से मैं नफरत करती हूं) को सबकुछ आसानी से मिल जाता है। पहुंच के मामले में हमारे पास विशेषाधिकार होता है, जो औरों के पास नहीं होता। लेकिन इसके साथ ही जांच-पड़ताल भी शुरू हो जाती है। ऑडियंस, इंडस्ट्री और मीडिया के लोग मुझे बहुत प्यार करते हैं। शायद मैं उतना डिजर्व भी नहीं करती। लेकिन इनमें से कई लोग स्टार किड्स की एक गलती होने या उनके पतन का इंतजार करते हैं। ताकि उन पर तंज कस सकें।"
स्टार किड होने का दबाव नहीं लेतीं
जब सारा से पूछा गया कि वे स्टार किड होने का कितना दबाव लेती हैं? तो उन्होंने कहा, "लोग बोझ और दबाव जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन मैं इसमें यकीन नहीं रखती। यह आप पर निर्भर करता है कि आप कितना बोझ या दबाव लेना चाहते हैं। दरअसल, मैं जानती हूं कि फिल्म बैकग्राउंड से आने की वजह से मुझे ज्यादा परख और अटेंशन से गुजरना पड़ता है। लेकिन मैं इसे बोझ की तरह नहीं लेती। क्योंकि अगर मैं ऐसा करूंगी तो कभी परफॉर्म नहीं कर पाउंगी।"
...तो लॉयर या पॉलिटिशियन होतीं सारा
सारा ने बातचीत में यह भी बताया कि अगर वे एक्ट्रेस नहीं बनतीं तो लॉयर या पॉलिटिशियन होतीं। सारा के मुताबिक वे 'अभी कोई देरी नहीं हुई' में यकीन करती हैं और आगे जाकर राजनीति में एंट्री ले सकती हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36DDIvo
No comments