दूसरे दिन भारत ने दो गोल्ड सहित 8 मेडल जीते, जूनियर पुरुष टीम ने रिकॉर्ड बनाया
खेल डेस्क. एशियन शूटिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारत ने दो गोल्ड सहित 8 मेडल जीते। हालांकि, कोई भी खिलाड़ी देश को ओलिंपिक कोटा नहीं दिला सका। 50 मी राइफल प्रोन इवेंट में भारत की जूनियर पुरुष टीम ने एशियन रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड जीता। महिला कैटेगरी का गोल्ड भी भारत को मिला। इस इवेंट की दोनों कैटेगरी के इंडिविजुअल में भी सिल्वर, ब्रॉन्ज हमें मिले। सीनियर में पुरुष ट्रैप टीम ने सिल्वर और 25 मी रैपिड फायर पिस्टल टीम ने ब्रॉन्ज जीता।
नीरज, आबिद, हर्षराज की जूनियर टीम ने 50 मी राइफल प्रोन में 1845 स्कोर किया। जूनियर महिला कैटेगरी में भारतीय टीम का स्कोर 1836.3 रहा। निश्चल ने 615.3, भक्ति भास्कर ने 614.2 और किनोरी कोनार ने 606.8 का स्कोर बनाया। महिला इंडिविजुअल में निश्चल ने सिल्वर, भक्ति ने ब्रॉन्ज जीता। पुरुष इंडिविजुअल में नीरज को सिल्वर, आबिद को ब्रॉन्ज मिला।
भारत के टूर्नामेंट में अब तक कुल 4 गोल्ड
सीनियर कैटेगरी में कीनन चेनाई, मानवजीत सिंह संधू और पृथ्वीराज ने ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर दिलाया। भारतीय टीम का कुल स्कोर 357 रहा। कीनन चेनाई ट्रैप इंडिविजुअल के क्वालिफिकेशन में 122 का स्कोर कर दूसरे पर रहे और फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। लेकिन 6 खिलाड़ियों के फाइनल में वे छठे नंबर पर रहे। कुवैत, ताइवान और कतर को ओलिंपिक कोटा मिला।
वहीं, 25 मी रैपिड फायर पिस्टल में भारत के अनीष, भावेश, आदर्श की टीम ने ब्रॉन्ज जीता। भारतीय टीम ने 1716 का स्काेर किया। चीन को गोल्ड और कोरिया को सिल्वर मिला। भारत के टूर्नामेंट में 4 गोल्ड, 3 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल हो चुके हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33vyBM8

No comments