34 नॉमिनेशन के बाद भी नेटफ्लिक्स ने जीते केवल दो अवॉर्ड्स, एपल टीवी को नहीं मिली कोई सफलता
हॉलीवुड डेस्क. साल 2020 का गोल्डन ग्लोब में 'वन्स अपॉन ए टाइम इन हॉलीवुड' ने सबसे ज्यादा तीन अवॉर्ड अपने नाम किए। वहीं, टीवी के मामले में 'चेरिनोबिल' ने दो पुरस्कार जीते। सेरेमनी में सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म '1917' की रही। फिल्म ने दो बड़े अवॉर्ड बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट मोशन पिक्चर जीतने में सफलता हासिल की है। सबसे ज्यादा आश्चर्यजनक नेटफ्लिक्स के आंकड़े माने जा रहे हैं। कुल 34 नॉमिनेशन्स के के बाद भी स्टूडियो केवल 2 ही अवॉर्ड जीत सका।
बेवर्ली हिल्स में आयोजित अवॉर्ड सेरेमनी में नेटफ्लिक्स को लगभग सभी बड़ी कैटेगिरी में नॉमिनेशन मिला था। बेस्ट मोशन पिक्चर में कुल पांच फिल्मों को चुना गया था, जिसमें से तीन फिल्में 'द आयरिशमैन', 'मैरिज स्टोरी', 'द टू पोप्स' नेटफ्लिक्स की थीं। 'द आयरिशमैन' को बेस्ट फिल्म अवॉर्ड का बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन '1917' को पुरस्कार दिया गया।
फिल्म कैटेगिरी में स्टूडियो ने बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस अवॉर्ड जीता। 'मैरिज स्टोरी' के लिए लॉरा डर्न को यह पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा टीवी कैटेगिरी में भी ओलिविया कोलमैन को 'द क्राउन' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला।
एचबीओ की फिल्मों और सीरीज को 15 कैटेगिरी में अवॉर्ड्स के लिए नामित किया गया था। स्टूडियो ने 'सक्सेशन' के लिए दो अवॉर्ड और 'चेरिनोबिल' के लिए भी दो अवॉर्ड जीते। सीएनबीसी के अनुसार एचबीओ और वॉर्नर ब्रदर्स, एटी एंड टी की ही कंपनी हैं। अगर फिल्म 'जोकर' के अवॉर्ड को जोड़कर देखा जाए तो एटी एंड टी ने सबसे ज्यादा 6 अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं।
बीते साल डिज्नी की तीन बड़ी एनिमेशन फिल्में 'फ्रोजन 2', 'द लॉयन किंग' और 'टॉय स्टोरी 4' रिलीज हुईं थीं। अनुमान लगाए जा रहे थे कि डिज्नी बेस्ट एनिमेटेड फिल्म का खिताब जीत सकता है, लेकिन क्रिस बटलर की स्टॉप मोशन फिल्म 'मिसिंग लिंक' ने यह अवॉर्ड अपने नाम कर लिया।
नेटफ्लिक्स की प्रतिद्विंदी मानी जाने वाली अमेजन प्राइम वीडियो ने टीवी कैटेगिरी में दो अवॉर्ड अपने नाम किए। 'फ्लीबैग' को म्यूजिकल-कॉमेडी कैटेगिरी में बेस्ट सीरीज और फोब वॉल ब्रिज को बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड से नवाजा गया है। हालांकि एपल टीवी के 'द मॉर्निंग शो' को कोई भी अवॉर्ड नहीं मिल सका।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2SVxIK8
No comments