फिल्म डायरेक्टर रूमी जाफरी ईडी ऑफिस पहुंचे; सुशांत के साथ बनाने वाले थे फिल्म, 15 करोड़ का ऑफर दिया था
सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फिल्म डायरेक्टर रूमी जाफरी को पूछताछ के लिए तलब किया है। वह गुरुवार सुबह 11.30 बजे ईडी ऑफिस पहुंचे। ईडी से पहले मुबंई पुलिस भी रूमी जाफरी से सवाल-जवाब कर चुकी है। पुलिस को दिए बयान में रूमी ने बताया था कि सुशांत के साथ वह एक फिल्म करने जा रहे थे। इसके लिए उन्होंने सुशांत को 15 करोड़ रुपए का ऑफर किया था। लॉकडाउन के बाद फिल्म का काम शुरू किया जाना था।
इससे पहले रूमी ने एक टीवी इंटरव्यू में बताया था कि मौत से दो दिन पहले यानी 12 जून को उनकी सुशांत से बातचीत हुई थी। तब अभिनेता ने उन्हें अपने डिप्रेशन के बारे में बताया था और कहा था कि वे इंडस्ट्री छोड़ना चाहते हैं।
सुशांत के करीबी दोस्तों में शामिल थे रूमी
ईडी जाफरी से इस बात की तफ्तीश करना चाहती है कि क्या सुशांत को 15 करोड़ रुपए दे दिए गए थे या फिर दिए जाने थे? रूमी सुशांत के करीबी दोस्तों में थे। रूमी, सुशांत के साथ जो फिल्म बना रहे थे उसमें उनके अपोजिट रिया चक्रवर्ती को लिया था। रूमी ने यह भी कहा था कि मौत से कुछ दिन पहले ही उन्होंने सुशांत से फिल्म की स्क्रिप्ट को लेकर भी चर्चा की थी।
सुशांत के पास काम न होने के दावों पर भड़क गए थे रूमी
सुशांत की मौत के बाद इस तरह के कयास लगाए जा रहे थे कि उनके पास काम नहीं था। इसलिए वे डिप्रेशन में चले गए थे। इन खबरों को लेकर रूमी जाफरी भड़क गए थे। उन्होंने कहा था कि वे बहुत टैलेंटेड थे। लोग उनके साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। प्लीज... उनकी विरासत का सम्मान कीजिए। वे स्टार थे और रहेंगे, जब तक कि यह इंडस्ट्री है।
ईडी अब तक इन लोगों से कर चुकी है पूछताछ की
सुशांत केस में ईडी मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच कर रही है। ईडी इस मामले में 7 अगस्त से पूछताछ कर रही है। इसमें रिया चक्रवर्ती, उनके पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती, उनके भाई शोविक चक्रवर्ती, रूममेट सिद्धार्थ पिठानी, उनकी मैनेजर श्रुति मोदी, सैम्युल मिरांडा समेत 12 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इसमें सुशांत के घर पर काम करने वाले कुछ लोग भी शामिल हैं। इनके अलावा सुशांत की बहन मीतू सिंह का बयान भी दर्ज किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/325OhWU
No comments