Breaking News

सरकार ने एविएशन सिक्योरिटी फीस बढ़ाकर 160 रु./यात्री की, 1 सितंबर से लागू होगी नई दर

केंद्र सरकार ने एयरपोर्ट पर यात्रियों से ली जाने वाली सिक्योरिटी फीस में एक बार फिर बढ़ोतरी की है। इस बार सरकार ने एविएशन सिक्योरिटी फीस में 10 रुपए प्रति यात्री की बढ़ोतरी की है। अब एविएशन सिक्योरिटी फीस बढ़कर 160 रुपए प्रति यात्री हो गई है। एयरपोर्ट पर बढ़ते सुरक्षा खर्च की लागत को वहन करने के लिए एविएशन सिक्योरिटी फीस में बढ़ोतरी की गई है। इससे हवाई यात्रा महंगी होने की संभावना जताई जा रही है।

सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने जारी किया आदेश

एविएशन सिक्योरिटी फीस बढ़ोतरी के संबंध में सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने 13 अगस्त को आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक, सरकार ने एयरक्राफ्ट रूल्स 1937 में दी गई शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए एविएशन सिक्योरिटी फीस में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। यह बढ़ोतरी 1 सितंबर से जारी होने वाली एयर टिकट पर लागू होगी।

पिछले साल हुई थी 20 रुपए की बढ़ोतरी

सरकार ने एविएशन सिक्योरिटी फीस में 2019 में 20 रुपए की बढ़ोतरी करके 150 रुपए प्रति यात्री की थी। तब एयरपोर्ट ऑपरेटरों ने कहा था कि कई साल पहले निर्धारित 130 रुपए की एविएशन सिक्योरिटी फीस सीआईएसएफ की तैनाती के खर्चों को पूरा करने के लिए अपर्याप्त थी। इसी प्रकार से घरेलू फ्लाइट से अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर भी सिक्योरिटी फीस में बढ़ोतरी की गई है। अब ऐसे यात्रियों से 1 सितंबर से 5.20 डॉलर की फीस ली जाएगी। अभी ऐसे यात्रियों से 4.85 डॉलर की फीस ली जा रही है। यह फीस एयरलाइंस कंपनियां टिकट की कीमत के साथ वसूलती हैं।

सीआईएसएफ का भुगतान बढ़ने के कारण फीस में बढ़ोतरी

एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक, सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) को दिए जाने वाले भुगतान में बढ़ोतरी के कारण सिक्योरिटी फीस बढ़ाई गई है। सीआईएसएफ देश के 61 एयरपोर्ट पर सुरक्षा उपलब्ध कराती है। कोरोनावायरस के कारण एयरपोर्ट पर फुटफॉल में कमी आई है जिसके कारण सुरक्षा लागत में बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा सीआईएसएफ यात्रियों की जांच के लिए पीपीई सूट, मास्क, ग्लब्स जैसे उपकरणों का इस्तेमाल कर रही है जिससे सुरक्षा लागत में बढ़ोतरी हुई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोरोनावायरस के कारण सीआईएसएफ यात्रियों की जांच के लिए पीपीई सूट, मास्क, ग्लब्स जैसे उपकरणों का इस्तेमाल कर रही है जिससे सुरक्षा लागत में बढ़ोतरी हुई है।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aHdevv

No comments